यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
RPSC Paper Leak: 29 जनवरी को होगी शिक्षक भर्ती परीक्षा, 46 उम्मीदवारों को किया गया बर्खास्त
RPSC Paper Leak राजस्थान लोक सेवा आयोग ने 24 दिसंबर को होने वाली सेकेंड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा 2022 का पेपर लीक होने के बाद परीक्षा को रिशेड्यूल कर उसकी तारीख की घोषणा कर दी है। आयोग ने कहा कि कैंसिल की गई परीक्षा अगली महीने होगी।

राजस्थान, एएनआइ। Rajasthan paper leak case: राजस्थान में आरपीएससी की ओर से सैकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया था लेकिन पेपर लीक होने के कारण परीक्षा को रद कर दिया गया। पेपर लीक होने पर उदयपुर पुलिस ने अब बड़ी कार्रवाई की है।
उदयपुर पुलिस ने इस मामले में 40 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें वो आरोपी भी शामिल है जो परीक्षा देने वाले थे। इसी बीच राजस्थान लोक सेवा आयोग ने एक नोटिस जारी किया है, जिसमें लिखा है कि सैकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा और राजस्थान लोक सेवा आयोग से संबंधित किसी भी परीक्षा में शामिल होने वाले 46 उम्मीदवारों को बर्खास्त किया जाता है।
सख्त कानून लाएंगे- राजस्थान CM गहलोत
पेपर लीक मामले में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पेपर लीक मामला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। कई राज्यों में होता है लेकिन कार्रवाई नहीं होती। राजस्थान में इसके लिए लोगों को दंडित किया गया है। हम सख्त कानून लाएंगे लेकिन किसी भी कीमत पर पेपर लीक नहीं होने देंगे। अब तक 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और कई उम्मीदवारों को ब्लैकलिस्ट किया गया है।
29 जनवरी को होगी अब परीक्षा
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने 24 दिसंबर को होने वाली सेकेंड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा 2022 का पेपर लीक होने के बाद परीक्षा को रिशेड्यूल कर उसकी तारीख की घोषणा कर दी है। आयोग ने कहा कि कैंसिल की गई परीक्षा अगली महीने होगी। आयोग ने इस बारे में एक अधिसूचना जारी कर कहा कि 24 दिसंबर को होने वाली 'ग्रुप-सी के सामान्य ज्ञान' की परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है. यह निर्णय लिया गया है कि अब ये परीक्षा 29 जनवरी, 2023 को आयोजित की जाएगी।'

24 दिसंबर को होनी थी परीक्षा
राजस्थान में 24 दिसंबर को सेकंड ग्रेड अध्यापकों की भर्ती के लिए परीक्षा होनी थी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही इसका पेपर लीक हो गया। यहां तक की सोशल मीडिया तक में इसका पेपर देखा जाने लगा। जब बात अधिकारियों तक पहुंची तो मामले को गंभीरता से लेते हुए परीक्षा को रद करने का फैसला किया। बताया जा रहाहै कि इस मामले में बड़ी तादाद में अभ्यर्थी सेकंड ग्रेड टीचर भर्ती के लिए परीक्षा देने पहुंचे थे।
राजस्थान सेकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले की जांच शुरू हो गई है। राजस्थान पुलिस के साथ स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी SOG भी इस मामले की जांच कर रहा है।