थाईलैंड घूम कर आया खुला जेल का कैदी, प्रहरी लगाता रहा हाजिरी
राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक खुला जेल का कैदी दीक्षांत कामरा बिना अनुमति के पांच दिन थाईलैंड घूमकर वापस आ गया, जबकि प्रहरी उसकी हाजिरी लगाता रहा।

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
खुला जेल का कैदी थाईलैंड घूमकर वापस आया।
प्रहरी हापूराम ने कैदी की फर्जी हाजिरी लगाई।
जेल महानिदेशक ने आरोपी प्रहरी को निलंबित किया।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां खुला जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी दीक्षांत कामरा बिना किसी अनुमति के पांच दिन तक थाईलैंड घूमता रहा, फिर वापस भी आ गया।
जेल प्रशासन की जांच में सामने आया कि प्रहरी हापूराम उसकी हाजिरी लगाता रहा। जेल महानिदेशक अशोक राठौड़ ने आरोपी प्रहरी को निलंबित कर दिया है। बीकानेर और जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक की रिपोर्ट पर श्रीगंगानगर के धमूडवाली थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
बता दें कि राजस्थान ओपन एयर कैंप नियम, 1972 के अनुसार खुला जेल को बिना दीवारों, सलाखों और ताले वाली जेल कहा जाता है। दीक्षांत कामरा को कुछ दिन पहले कार में 40 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा गया था।
जवाहर नगर थाना पुलिस ने उसके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेज (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इसी मामले के बाद उसकी पुरानी विदेश यात्रा की जानकारी सामने आई।
जांच में सामने आया कि दीक्षांत नौ से 13 अक्टूबर के बीच थाईलैंड में था। उसके पासपोर्ट में थाईलैंड जाने का रिकार्ड दर्ज है। उल्लेखनीय है कि दीक्षांत और उसकी मित्र प्रिया सेठ साल 2018 से दुष्यंत शर्मा की हत्या के मामले में जेल में हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रिया ने दीक्षांत का कर्ज चुकाने के लिए दुष्यंत को हनीट्रैप में फंसाया था। इसके बाद उससे संबंध बनाए और दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की मांग की थी। दुष्यंत से तीन लाख रुपये लेने के बाद उसका गला दबाकर हत्या कर दी थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।