जागरण संवाददाता,जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा के योजनाओं के नाम बदलने वाले बयान पर पलटवार किया है। गहलोत ने कहा कि यह आरोप तो हमारा भाजपा पर है। यूपीए सरकार की जो योजनाएं थी,उनका नाम बदलकर नरेंद्र मोदी सरकार ने काम चलाया है। नड्डा को मालूम होना चाहिए कि राजस्थान योजनाओं के मामले में माडल राज्य है। दरअसल, नड्डा ने एक दिसंबर को जयपुर में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि योजनाओं का नाम बदलने से सरकार की नीयत और नीति का पता चलती। अशोक गहलोत सरकार पिछली वसुंधरा सरकार की योजनाओं का नाम बदलकर काम चला रही है।

भारत जोड़ो यात्रा में आरएसएस के नेता भी चाहें तो हो सकते हैं शामिल: गहलोत  

केंद्र की योजनाओं को सही तरह से लागू नहीं किया जा रहा है। गहलोत शनिवार को कोटा सर्किट हाउस में मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे। गहलोत ने कहा,भाजपा की जन आक्रोश यात्रा प्रदेश में असफल हो रही है।लोग इस यात्रा से नहीं जुड़ रहे हैं। चुनाव जीतने के लिए भाजपा के नेता असत्य बोलत हैं। प्रदेश में 22 लाख किसानों के ऋण माफ हुए हैं। जबकि भाजपा कहती है कि कर्ज माफी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में कोई भी जुड़ सकता है। चाहें तो भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता भी यात्रा में शामिल हो सकते हैं। स्वयंसेवी संगठनाें के प्रतिनिधि भी शामिल हो सकते हैं।

उन्होंंने कहा कि वर्तमान में न्यायपालिका,चुनाव आयोग,प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई दबाव में है। गहलोत ने कहा कि भाजपा के नेता अंग्रेजों की मुखबीरी किया करते थे। भाजपा ने संविधान के प्रति कभी आस्था नहीं रखी है। गहलोत ने मीडिया से बात करने के साथ ही कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक ली।

यह भी पढ़ें: उदयपुर के पास हाईवे पर गोला बारूद से भरे सैन्य वाहन में लगी आग, एक किलोमीटर का दायरा किया गया सील

Edited By: Piyush Kumar