Rajasthan Politics: केंद्रीय नेतृत्व से राजस्थान के नेताओं ने कहा, वसुंधरा राजे के बाद भूपेंद्र यादव ही कार्यकर्ताओं के बीच ज्यादा स्वीकार्य
Rajasthan राजस्थान के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह की यात्रा के दौरान सांसदों व विधायकों ने भूपेंद्र यादव को राज्य की राजनीति में सक्रिय करने का सुझाव दिया। इनका मानना है कि यादव व वसुंधरा राजे ही दो ऐसे चेहरे हैं जो पार्टी को स्पष्ट बहुमत दिलाने की क्षमता रखते हैं।
जयपुर, नरेन्द्र शर्मा। राजस्थान विधानसभा चुनाव से करीब सवा दो साल पहले ही राज्य के सांसदों और विधायकों ने केंद्रीय श्रम व पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के पक्ष में लाबिंग तेज कर दी है। यादव के पक्ष में लाबिंग करने वाले नेताओं का मानना है कि निर्विवाद छवि, संगठनात्मक कुशलता और सभी खेमों में स्वीकार्यरता के कारण यादव आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा का सबसे बेहतर चेहरा साबित हो सकते हैं। हालांकि यादव राज्य की राजनीति के स्थान पर केंद्र में ही रहना चाहते हैं। यह बात उन्होंने कई बार पार्टी नेताओं से कही है, लेकिन राज्य के नेताओं ने केंद्रीय नेतृत्व तक यादव को लेकर अपनी बात पहुंचाई है। प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह की पिछली दो यात्रा के दौरान सांसदों व विधायकों ने यादव को राज्य की राजनीति में सक्रिय करने का सुझाव दिया। इन नेताओं का मानना है कि यादव और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ही दो ऐसे चेहरे हैं, जो पार्टी को स्पष्ट बहुमत दिलाने की क्षमता रखते हैं। यादव कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद रखते हैं, वहीं वसुंधरा का आम लोगों में प्रभाव है। वसुंधरा ने ही पहली बार उदयपुर संभाग के आदिवासियों को पार्टी से जोड़ा है। करीब 10 साल पहले भाजपा से दूर रहे जाट समाज को भी वसुंधरा ही पार्टी के साथ लेकर आई हैं। राज्य के नेताओं ने केंद्रीय नेतृत्व से कहा कि वसुंधरा के बाद यादव ही कार्यकर्ताओं के बीच ज्यादा स्वीकार्य हैं।
केंद्रीय नेतृत्व को सुझाव, वसुंधरा और यादव एक साथ दौरा करें
केंद्रीय राज्यमंत्री कैलाश चौधरी, बाबा बालक नाथ, सुमेधानंद, भागीरथ चौधरी, सीपी जोशी, राज्य विधानसभा में विपक्ष के उप नेता राजेंद्र राठौड़ सहित एक दर्जन विधायकों ने भूपेंद्र यादव को राज्य की राजनीति में सक्रिय करने को लेकर अरुण सिंह को सुझाव दिया है। यह नेता अगले कुछ दिनों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी अलग-अगल मुलाकात करने की तैयारी कर रहे हैं। यह नेता चाहते हैं कि यादव नियमित रूप से राज्य का दौरा करें। जयपुर सांसद रामचरण बोहरा ने यादव और वसुंधरा राजे दोनों को भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय बताते हुए नेतृत्व से कहा है कि यदि यह दोनों एक साथ राज्य का दौरा करें तो पार्टी को राजनीतिक लाभ हो सकता है। सांसद राहुल कस्वां, सुखबीर सिंह जौनपुरिया, विधायक प्रताप सिंह सिंघवी, कालीचरण सराफ, हमीर सिंह, अशोक लाहोटी, सुरेश रावत का मानना है कि वसुंधरा को आगे करने से पार्टी को लाभ होगा। इस संबंध में इन सभी ने अरुण सिंह को अपना सुझाव दिया है। हालांकि इन नेताओं ने यह भी कहा कि वसुंधरा और यादव मिलकर काम करें तो पार्टी 200 में से ज्यादा 150 विधानसभा सीट जीत सकती है।