विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सरपंच बनी, तो कुंवारों की शादी करवाऊंगी'; झुंझुनूं की महिला प्रत्याशी का अनोखा वादा

Published: Fri, 09 Oct 2026 02:53 PM (IST)

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एक सरपंच उम्मीदवार अनीता सैनी ने चुनाव जीतने पर गांव के कुंवारे युवकों की शादी कराने का अनोखा वादा किया है।

HighLights

  1. अनीता सैनी ने सरपंच चुनाव में कुंवारों की शादी का वादा किया।

  2. यह अनोखा चुनावी वादा सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

  3. झाझड़ गांव की प्रत्याशी ने शादी को अपनी प्राथमिकता बताया।

डिजिटल डेस्क, जयपुर। भारत में या फिर दुनिया के किसी भी लोकतांत्रिक देश में जब भी कोई चुनाव होता है, तो वहां नेता अक्सर सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और विकास जैसे पारंपरिक वादों के साथ जनता के बीच जाते हैं।

लेकिन राजस्थान के झुंझुनूं जिले एक गांव से एक ऐसा चुनावी वादा सामने आया है, जिसने चुनावी वादों की परिभाषा ही बदल दी है। यहां सरपंच पद की एक महिला उम्मीदवार का अजीबोगरीब और अनोखा वादा इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का सबसे बड़ा विषय बना हुआ है।

आइए इस चुनावी वादे के बारे में जानते हैं।

सरपंच बनने के लिए कर दिया ऐसा वादा

बता दें कि झुंझुनूं जिले के झाझड़ गांव की रहने वाली अनीता सैनी आगामी सरपंच पद के चुनाव मैदान में उतरी हैं। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने जनता से एक ऐसा वादा किया, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर आग की तरह वायरल हो रहा है।

अनीता सैनी ने अपने भाषण और प्रचार के दौरान एलान किया कि अगर वो चुनाव जीत जाती हैं, तो गांव में कोई भी कुंवारा भाई है और उसे दुल्हन नहीं मिल रही है, तो उसकी पूरी गारंटी मेरी होगी। 

प्रत्याशी का अनोखा और जोरदार दावा

वायरल वीडियो में अनीता सैनी जनता से वोट की अपील करते हुए बेहद आश्वस्त नजर आ रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि चाहे मुझे कहीं से भी लड़की ढूंढकर लानी पड़े, चाहे इसके लिए मुझे किसी भी गांव में एक दिन या दो दिन रहना पड़े, या फिर झाझड़ गांव से बारात की ट्रेन ही क्यों न लगानी पड़े... सबकी शादी की गारंटी मेरी है।

उन्होंने यह भी कहा कि गांव का विकास तो हर कोई करवाता है और वह भी करवाएंगी, लेकिन कुंवारे युवाओं की शादी करवाना उनकी प्राथमिकता और सबसे बड़ी गारंटी है।