विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले तीन गुना सीटों पर दर्ज की जीत, किसे कहां मिली सफलता?

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:47 PM (IST)

राजस्थान में उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा से तीन गुना अधिक सीटें जीतकर बड़ी बढ़त हासिल की है। 

राजस्थान में कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले तीन गुना सीटों पर दर्ज की जीत। (फाइल)

राजस्थान में कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले तीन गुना सीटों पर दर्ज की जीत। (फाइल)

HighLights

  1. कांग्रेस ने 25 उप जिला प्रमुख सीटों पर जीत दर्ज की।

  2. भाजपा को केवल 8 सीटें मिलीं, कांग्रेस से काफी पीछे।

  3. कई जिलों में क्रॉस वोटिंग से परिणाम अप्रत्याशित रहे।

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले तीन गुना से अधिक सीटें जीतकर बढ़त बनाई है। गुरुवार को प्रदेश के 37 जिलों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा आठ सीटों पर ही सिमट गई।

भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने तीन और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने एक सीट पर कब्जा जमाया। खास बात यह रही कि सात जिलों में एक दिन पहले हुए जिला प्रमुखों के चुनाव के परिणामों से अलग तस्वीर सामने आई। इन जिलों में कांग्रेस, भाजपा और बीएपी एक-दूसरे से सीटें छीनने में कामयाब रहीं।

इससे पहले बुधवार को हुए जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने 24, भाजपा ने 10, बीएपी ने दो और आरएलपी ने एक सीट जीती थी। जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव परिणामों की तुलना करें तो कई जिलों में राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आए।

चूरू में कांग्रेस के छोटूलाल उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए। यहां कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद बुधवार को जिला प्रमुख का पद भाजपा के खाते में चला गया था। क्रॉस वोटिंग के कारण भाजपा की कनिका सिंह जिला प्रमुख चुनी गई थीं। वहीं, ब्यावर में भाजपा के टीकम सिंह उप जिला प्रमुख बने। यहां भी एक दिन पहले बहुमत होने के बावजूद भाजपा जिला प्रमुख का चुनाव नहीं जीत सकी थी।

क्रॉस वोटिंग के कारण कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहा था। सलूंबर में बुधवार को कांग्रेस का जिला प्रमुख चुना गया था, लेकिन गुरुवार को उप जिला प्रमुख का पद बीएपी ने जीत लिया। प्रतापगढ़ में इसके उलट स्थिति रही। यहां जिला प्रमुख भाजपा का बना, जबकि उप जिला प्रमुख पद पर बीएपी ने जीत दर्ज की।

डीग में जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा को सफलता मिली थी, लेकिन उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहा। अब शुक्रवार को प्रदेश के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए चुनाव होंगे। इन चुनावों में 7,543 पंचायत समिति सदस्य मतदान करेंगे।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।