राजस्थान: डिजिटल अरेस्ट कर 13 लाख ठगे, फिर साइबर ठगों ने बेटे को मारने की धमकी दी; महिला ने सदमे में दी जान
झालावाड़ में मधुबाला ठाकुर ने साइबर ठगों द्वारा डिजिटल अरेस्ट कर 13 लाख रुपये ठगने और बेटे को धमकी देने के बाद सदमे में आत्महत्या कर ली।

डिजिटल अरेस्ट कर महिला से 13 लाख ठगे।
HighLights
मधुबाला ठाकुर ने साइबर ठगी और धमकी से सदमे में आत्महत्या की।
ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर 13 लाख रुपये ठगे, बेटे को धमकी दी।
पुलिस ने बिहार से 6 आरोपी गिरफ्तार किए, 3 नाबालिग भी हिरासत में।
डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के झालावाड़ में मधुबाला ठाकुर सुसाइड केस में बड़ा खुलासा हुआ है। पहले तो साइबर ठगों ने मधुबाला को डिजिटल अरेस्ट कर 13 लाख रुपये ठग लिए और फिर बेटे को फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। जिसके कारण सदमे में आकर मुधुबाला ने अपनी जान दे दी।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बिहार से अंतरराज्यीय साइबर गैंग की चार महिलाओं सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं मामले में तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।
गिरफ्तारी का फर्जी नोटिस भेजते थे आरोपी
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी खुद को एक ओल्ड कॉइन कंपनी का प्रतिनिधि बताकर सोशल मीडिया पर पुराने और दुर्लभ सिक्के, नोट लाखों रुपये में खरीदने का विज्ञापन वायरल किया था। इस फर्जी विज्ञापन को देखकर मधुबाला भी ठगों के झांसे में आ गईं।
ठगों ने शुरुआत में तो थोड़ा पैसा देकर उनका भरोसा जीता, जिसके बाद गैंग ने फीस और चार्ज के नाम पर उनके करीब 13 लाख रुपये से ज्यादा ठग लिए। कर्ज में डूबने के बाद जब महिला ने पैसे वापस मांगे तो ठगों के इस गैंग ने महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। ठगों ने एआई से तैयार पुलिस की पिटाई और गिरफ्तारी के फर्जी वीडियो, नोटिस और धमकी भरे वॉयस नोट भेजे। जिससे सदमे में आकर मधुबाला ने अपनी जान दे दी।