Rajasthan: सीएम अशोक गहलोत ने किया एलिवेटे़ड रोड का उद्घाटन, नाम दिया भारत जोड़ो मार्ग, बताई खासियतें
Rajasthan दो साल कोरोना महामारी के कारण निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हुई थी। इस रोड़ पर यात्रा करने वालों को यातायात जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। साथ ही 40 मिनट का समय बचेगा। इस रोड़ पर 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से वाहन चलाए जा सकेंगे।
जयपुर, जागरण संवाददाता। Rajasthan: राजस्थान की राजधानी जयपुर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों को बड़ी सौगात दी है। गहलोत ने बृहस्पतिवार को सोड़ाला एलिवेटेड रोड़ सहित छह अन्य परियोजनाओं का उद्धाटन किया। गहलोत ने अंबेडकर सर्किल से सोड़ाला तक बनी एलिवेटेड रोड़ को भारत जोड़ो मार्ग नाम दिया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की चर्चा करते हुए गहलोत ने कहा कि इस रोड़ का नाम भारत जोड़ो मार्ग होगा।
उन्होंने प्रदेश सरकार की योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिन्हे रेवड़ियां कहते हैं उनसे आम लोगों को लाभ हुआ है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 44 लाख लोगों के बिजली के बिल जीरो आ रहे हैं। 50 यूनिट बिजली सरकार नि:शुल्क दे रही है। नि:शुल्क इलाज और जांच का प्रबंध किया गया है।
करीब तीन किलोमीटर की इस रोड़ का काम छह साल में पूरा हुआ है। दो साल कोरोना महामारी के कारण निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हुई थी। इस रोड़ पर यात्रा करने वालों को यातायात जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। साथ ही 40 मिनट का समय बचेगा।
इस रोड़ पर 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से वाहन चलाए जा सकेंगे। इस रोड़ की कुल लागत 222 करोड़ रुपये है। यह एलिवेटेड रोड में 119 पिल्लर और 113 स्पान बनाए गए हैं। सड़क पर चढ़ने और उतरने के लिए अलग-अलग रैंप बनाए गए हैं।
मुख्यमंत्री गहलोत जनता से बोले, आप मांगते थक जाएंगे, हम देते नहीं थकेंगे
भीलवाड़ा जिले के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में दौरे पर आए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जनता से कहा कि हमारी सरकार जनता की सेवा के लिए है। जनता की सुविधा के लिए बजट की कमी नहीं है। आप मांगते भले ही थक जाएं लेकिन हम देते नहीं थकेंगे। मुख्यमंत्री गहलोत ने गुरुवार को रायपुर में पूर्व विधायक दिवंगत कैलाश त्रिवेदी की प्रतिमा का अनावरण किया और सभा को संबोधित किया।
उन्होंने रायपुर में 220 केवी जीएसएस के उद्घाटन के साथ रायपुर में पूर्व विधायक त्रिवेदी के नाम स्टेडियम निर्माण कराए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री गहलोत ने सभा में चुनाव में जनता का विश्वास मांगा। उन्होंने कहा कि अगर जनता कांग्रेस और उन पर विश्वास जताएगी तो एक बार फिर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में 3 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार दिया है। अगर, सरकार फिर से प्रदेश में आती है तो युवाओं के लिए रोजगार के और भी आयाम खोले जाएंगे।
सीएम ने की कई घोषणा
रायपुर कार्यक्रम में मंच से सीएम गहलोत कई घोषणा की। रायपुर में पूर्व विधायक कैलाश त्रिवेदी के नाम से स्टेडियम बनाने, मूर्ति विसर्जन के दौरान चित्तौड़गढ़ में डूबे तीन लोगों के परिवार को पांच - पांच लाख की सहायता राशि देने की घोषणा की।