Citizenship Amendment Act: केंद्र सरकार ने संविधान की उड़ाई धज्जियां: अशोक गहलोत
Ashok Gehlot In Jodhpur. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जोधपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर उनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
जोधपुर, संवाद सूत्र। Ashok Gehlot In Jodhpur. राजस्थान सरकार आगामी विधानसभा सत्र में नागरिक संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ प्रस्ताव लाएगी। केंद्र सरकार पर ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार ने संविधान की धज्जियां उड़ा दी हैं। उनके नेता गली-गली घूमकर मिस कॉल करवा रहे हैं। सीएए को पूरी तरह से भेदभाव पूर्ण बताते हुए अशोक गहलोत ने सवाल पूछा कि आखिर ऐसी क्या नौबत आ गई कि सरकार के नुमाइंदे अब इस कानून के समर्थन में गली-गली घूम रहे हैं। अशोक गहलोत अपने अल्प समय के दौरे पर जोधपुर आए थे।
हाल ही में जोधपुर दौरे पर आए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के सरकार के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के बयान पर पूछे सवाल पर गहलोत ने कहा कि गजेंद्र सिंह अभी नए-नए मंत्री बने हैं, इसलिए जोश में हैं। इस पर टिप्पणी करना सही नहीं है। बेहतर है कि वह ऐसा काम करें जिससे कि जोधपुर का भला हो और जोधपुर का विकास हो सके।
इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जोधपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर उनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट पर वह आम नागरिकों से भी मिले और उनकी समस्याओं को सुना। एयरपोर्ट से सीधे नृसिंह उद्यान पहुंचे, जहां उन्होंने समाजसेवी गोपीकिशन पंवार की श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सीएम गहलोत ने सूरसागर रामद्वारा के ब्रह्मलीन महंत संत रामस्नेही मोहन दास के मार्ग का लोकार्पण खेड़ापा रामस्नेहही पीठ के पीठाचार्य पुरुषोत्तमदास व सूरसागर रामद्वारा के गादीपति रामप्रसाद के सान्निध्य में किया। साथ ही, सूरसागर रॉयल्टी चौराहा से बड़ा रामद्वारा तक के मार्ग के बाद संतों के सान्निध्य में रामद्वारा के विकास कायरें का भी लोकार्पण किया।
राहुल गांधी का 25 जनवरी को राजस्थान दौरा
अशोक गहलोत ने कहा कि 25 जनवरी को राहुल गांधी का राजस्थान दौरा है। राहुल युवाओं और छात्रों की रैली में शिरकत करेंगे। साथ ही, केंद्र सरकार जो कि अपने घमंड में चूर है, उसे वस्तुस्थिति से अवगत कराने के लिए रैली में भाग लेंगे। केंद्र सरकार भेदभाव वाला व्यवहार कर रही है। इसको लेकर केंद्र सरकार को जनता की बात बताने के लिए राहुल गांधी राजस्थान आएंगे।