विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नागौर: घर पर नोटबुक भूल गया 5वीं क्लास का छात्र तो शिक्षक ने बेरहमी से पीटा, FIR दर्ज

Published: Tue, 29 Sep 2026 10:05 AM (IST)

राजस्थान के नागौर जिले में एक शिक्षक पर 5वीं कक्षा के छात्र को नोटबुक भूलने पर बेरहमी से पीटने का आरोप है।

नागौर में शिक्षक ने 5वीं क्लास के छात्र को बेरहमी से पीटा (प्रतीकात्मक फोटो)

नागौर में शिक्षक ने 5वीं क्लास के छात्र को बेरहमी से पीटा (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. नागौर में शिक्षक ने छात्र को नोटबुक भूलने पर पीटा।

  2. छात्र के शरीर पर चोट के निशान मिले, परिजनों ने शिकायत की।

  3. शिक्षक जगदीश भोरा के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया।

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के नागौर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षक के खिलाफ 5वीं क्लास के छात्र को बेरहमी से पीटने का आरोप है।

पुलिस ने बताया कि शिक्षक पर आरोप है कि उसने छात्र को छड़ी से बेहरमी से सिर्फ इसलिए पीटा, क्योंकि वह अपनी नोटबुक घर पर भूल आया था। शिक्षक ने छात्र को यह बात किसी को न बताने की धमकी भी दी थी।

शिक्षक के खिलाफ दर्ज FIR

राजस्थान के नागौर जिले के स्वामी विवेकानंद स्कूल की यह घटना 26 सितंबर की दोपहर की है। छात्र के पिता गोर्धन राम प्रजापत ने शिकायत में कहा कि उनका बेटा स्कूल जाते समय गलती से अपनी नोटबुक घर पर ही भूल गया था।

पिता की शिकायत के मुताबिक, जब टीचर जगदीश भोरा ने नोटबुक दिखाने को कहा, तो छात्र ने बताया कि वह उसे घर पर भूल गया है। टीचर को गुस्सा आ गया, उन्होंने बच्चे पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और उसे लकड़ी की छड़ी से कई बार पीटा।

बच्चा स्कूल से घर लौटा, लेकिन वो इतना डरा हुआ था कि उसने मारपीट के बारे में अपने माता-पिता को कुछ नहीं बताया। हालांकि, दर्द की वजह से अगले दिन स्कूल जाना मुश्किल हो गया और वह रोने लगा।

बच्चे को रोता देखकर जब माता-पिता ने उसके शरीर की जांच की तो उन्हें बच्चे के शरीर पर लाल और नीले निशान मिले। इस घटना से गोगेलव के निवासियों में गुस्सा फैल गया।

बेरहमी से बच्चों को मारता है शिक्षक

गांव के एक निवासी महेंद्र ने अधिकारियों को बताया कि स्कूल में लगभग 15 से 20 और भी बच्चों के साथ भी ऐसी ही घटनाएं हुई हैं और उन्होंने शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सदर पुलिस ने 28 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2) जानबूझकर चोट पहुंचाने, 126(2) गलत तरीके से रोकने और 351(2) के आपराधिक धमकी देने के तहत मामला दर्ज किया है।

जांच असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) शिवदेव राम को सौंपी गई है। सदर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ASI गरीब राम ने बताया कि स्टूडेंट का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बच्चों के यौन शोषण सामग्री पर बड़ी कार्रवाई: 15326 मोबाइल नंबर और 7800 URL ब्लॉक, राजस्थान के 7 जिलों में FIR