महाकुंभ की मोनालिसा के बाद अब इंटरनेट पर छाई 'पुष्कर की सुमन', नागिन सी आंखों ने रील्स पर लगाई आग
पुष्कर मेले में अपनी पारंपरिक वेशभूषा और मनमोहक आँखों के कारण सुमन कालबेलिया सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।

पुष्कर मेले में सुमन कालबेलिया हुईं वायरल (फोटो-जागरण ग्राफिक्स)
डिजिटल डेस्क, अजमेर। राजस्थान के पुष्कर मेले में अपनी आंखों, पारंपरिक राजस्थानी पहनावे और कालबेलिया डांस के कारण सुमन कालबेलिया सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। रील्स और सोशल मीडिया पोस्ट में लोग उन्हें पु्ष्कर की मोनालिसा कह रहे हैं, लेकिन कैमरे की चमक के पीछे उनकी रोजी-रोटी और परिवार की जद्दोजहद भी जुड़ी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियोज में लोग उन्हें नागिन सी आंखों वाली बता रहे हैं। मेले में उनके पारंपरिक राजस्थानी परिधान, आंखों की खूबसूरती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पर्यटकों व सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींचा है।
सुमन हुईं सोशल मीडिया पर वायरल
सुमन कालबेलिया राजस्थान की प्रसिद्ध लोक कलाकार और घुमंतू कालबेलिया समुदाय से जुड़ी हैं, जिसका डांस यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में दर्ज है। मेले में पारंपरिक परिधान, आभूषणों और नृत्य-गीतों की प्रस्तुतियों के चलते देशी-विदेशी पर्यटकों और ऑनलाइन दर्शकों का ध्यान उन पर गया।
हाथों से बने मोतियों के हार, झुमके और घर में तैयार सुरमा भी इस समुदाय की पहचान का हिस्सा हैं।
लोग सुमन को नागिन सी खूबसूरत आंखों वाली लोक नर्तकी बता रहे हैं। मेले में आने वाले देशी-विदेशी सैलानी और फोटोग्राफर्स सुमन के साथ फोटो खिंचवाने और उनके वीडियो बनाने के लिए लालायित नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर बना ट्रेंड
सुमन के वीडियो हर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि बिना किसी आधुनिक मेकअप या फिल्टर के सुमन की प्राकृतिक सुंदरता और उनकी कला देश-दुनिया में राजस्थान की संस्कृति का डंका बजा रही है।
महाकुंभ की मोनालिसा के बाद अब पुष्कर की सुमन इंटरनेट की नई सनसनी बन चुकी हैं।
आमदनी की उम्मीद और जद्दोजहद
मेले में लोग तस्वीरें खिंचवाने, मेहंदी लगवाने या हस्तशिल्प खरीदने के लिए आते हैं, लेकिन कई कलाकारों के लिए आमदनी सीमित रहती है। कई बार विदेशी फोटोग्राफरों या खरीदारों की कमी से उम्मीदें पूरी नहीं हो पातीं और पूरे दिन की मेहनत के बाद भी कमाई कम रह जाती है।
शाम को मेले के बीच अस्थायी डेरों और ऊंट-गाड़ों के पास परिवार के लिए खाना बनता है और फिर अगली सुबह नई उम्मीद के साथ दिन शुरू होता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।