पंजाब की सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में भाजपा, प्रभारी सतीश पूनिया का बड़ा एलान
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश पूनिया ने घोषणा की है कि पार्टी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में है।

भाजपा की पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी-सतीश पूनिया (फाइल फोटो)
HighLights
भाजपा पंजाब की सभी 117 सीटों पर अकेले लड़ेगी चुनाव।
आप सरकार से जनता नाराज, नशे और भ्रष्टाचार प्रमुख मुद्दे।
अकाली दल से गठबंधन पर केंद्रीय नेतृत्व लेगा अंतिम निर्णय।
जागरण संवाददाता, जयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने कहा कि भाजपा ने पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है।
आम आदमी पार्टी की सरकार से लोग नाराज हैं। युवाओं में बढ़ती नशे की लत, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा के कार्यकर्ता प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं के बीच जा रहे हैं।
अकाली दल से समझौते को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की ओर से अभी कोई निर्देश नहीं मिले हैं। इस बारे में निर्णय भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को लेना है। बता दें कि अक्टूबर में गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा के बजाय एनडीए की सरकार बनने की बात कही थी, जिसे अकाली दल के साथ संभावित गठबंधन के संकेत के रूप में देखा गया था। जिसके बाद अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भाजपा का नाम लिए बिना समान विचारधारा वाली पार्टी के साथ गठबंधन करने का संकेत दिया था।
पूनिया ने जयपुर में दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि पंजाब में बंगाल और त्रिपुरा को दोहराया जाएगा। दोनों राज्यों में धारणा बनी हुई थी कि भाजपा वहां चुनाव नहीं जीत सकती है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति मतदाताओं के विश्वास और भाजपा की नीतियों के कारण यह धारणा बदल गई।
अब पंजाब में भी उस मिथक को तोड़कर सरकार बनाई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के मतदाताओं में मुख्यमंत्री भगवंत मान से अधिक नाराजगी अरविंद केजरीवाल से है। उन्हें लगता है कि केजरीवाल ने जिस तरह से दिल्ली को लूटा था, उसी तरह से पंजाब को लूटना चाहते हैं।