राजस्थान-पंजाब की रिश्तेदारी और भाषाई समानता को हथियार बना रहे पाकिस्तानी तस्कर, ड्रोन से गिरा रहे हेरोइन और RDX
पाकिस्तान से सटे राजस्थान और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन के जरिए मादक पदार्थों व हथियारों की तस्करी बढ़ गई है।

पाकिस्तान ड्रोन से भेज रहा हेरोइन और आरडीएक्स (यह तस्वीर एआई की मदद से तैयार की गई है)
HighLights
पाकिस्तान से ड्रोन द्वारा मादक पदार्थ, हथियार तस्करी।
राजस्थान-पंजाब सीमा पर रिश्तेदारी, भाषा का दुरुपयोग।
हेरोइन, आरडीएक्स की कई बड़ी खेप पकड़ी गई।
जागरण संवाददाता, जयपुर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान के श्रीगंगानगर और पंजाब के जिलों में लोगों के बीच रिश्तेदारी, भाषा की समानता और खुली सीमाओं का फायदा उठाकर अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करों ने मादक पदार्थों एवं हथियारों की तस्करी का नेटवर्क तैयार किया है।
सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की जांच में सामने आया है कि पिछले एक वर्ष में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई खेप राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में गिराई गई। इसके बाद स्थानीय संपर्कों तथा रिश्तेदारों की मदद से पंजाब पहुंचाई गई।
राजस्थान पुलिस और जांच एजेंसियों के अनुसार, पाकिस्तान से सटी पंजाब सीमा पर सख्ती के बाद राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में तस्करी की गतिविधियां बढ़ी है। कई मामलों में पंजाब के तस्करों की भूमिका सामने आई है, जिनके पाकिस्तानी तस्करों से पहले से संपर्क थे।
इस वर्ष जून में पाकिस्तान की ओर से श्रीगंगानगर के सीमावर्ती क्षेत्र में ड्रोन से गिराई गई 10.419 किलोग्राम हेरोइन लेने पहुंचे लुधियाना निवासी धर्मेंद्र सिंह और उसके सहयोगी जसविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। अक्टूबर में रावला मंडी क्षेत्र में 7.75 किलो आरडीएक्स, दो पिस्टल और 650 कारतूस गिराए गए।
इस मामले में लखविंदर और सुखविंदर गिरफ्तार हुए, जबकि फिरोजपुर जिले के अलीका गांव का कुलवंत सिंह फरार है। इसी महीने रावला क्षेत्र में गिराई गई चार किलो हेरोइन के साथ फाजिल्का निवासी जसवंत सिंह और जसविंदर सिंह पकड़े गए।
बीकानेर के खाजूवाला में ड्रोन से गिराई गई दस किलो हेरोइन और 11 विदेशी हथियार लेने पहुंचे वीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। वह खेप पंजाब पहुंचाने वाला था। अक्टूबर में सीमा पार से गिराई गई 10 किलो से अधिक हेरोइन के मामले में भी पंजाब के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
तीन नवंबर को श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट मामले में गिरफ्तार महकदीप कौर और उसका साथी दविंदर सिंह पंजाब के गुरदासपुर के निवासी हैं।
भाषा और रिश्तेदारियों का फायदा उठा रहे पाकिस्तानी हैंडलर
बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश और श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि पाकिस्तान सीमा से सटे पंजाब के गुरदासपुर, फाजिल्का और तरणतारण के साथ ही राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले की भाषा और संस्कृति एक जैसी है। पाकिस्तान में बैठे हैंडलर इसी समानता और रिश्तेदारियों का फायदा उठाकर स्थानीय युवाओं को अपना मोहरा बना रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।