Move to Jagran APP

एक बार फिर बसपा का कांग्रेस में विलय कराने में जुटे अशोक गहलोत Rajasthan News

अशोक गहलोत अपनी सरकार को मजबूत करने के लिहाज से एक तरफ तो साल 2009 को दोहराते हुए बसपा के सभी 6 विधायकों को कांग्रेस में शामिल करने की रणनीति पर काम कर रहे है।

By Preeti jhaEdited By: Published: Fri, 02 Aug 2019 02:58 PM (IST)Updated: Fri, 02 Aug 2019 02:58 PM (IST)
एक बार फिर बसपा का कांग्रेस में विलय कराने में जुटे अशोक गहलोत Rajasthan News

जयपुर, नरेन्द्र शर्मा। कर्नाटक और गोवा में पिछले दिनों हुए घटनाक्रम के बाद सतर्क हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपनी सरकार को मजबूत करने के लिहाज से एक तरफ तो साल, 2009 को दोहराते हुए बसपा के सभी 6 विधायकों को कांग्रेस में शामिल करने की रणनीति पर काम कर रहे है, वहीं दूसरी तरफ निर्दलीय विधायकों को अपने पाले में करने में जुटे है।

loksabha election banner

बसपा के एक विधायक ने बताया कि गहलोत के साथ हमारी बातचीत चल रही है, एक-दो शर्तों पर मामला अटका हुआ है। अगर गहलोत और कांग्रेस नेतृत्व मान जाता है तो बसपा विधायक प्रदेश के हित में उनके साथ जाने को तैयार है।

उधर बसपा विधायक दल के नेता राजेंद्र गुढ़ा ने शुक्रवार को एक बार फिर पार्टी नेतृत्व पर पैसे लेकर टिकट देने का आरोप लगाते हुए कहा कि बसपा के प्रदेश प्रभारी धर्मवीर अशोक ने भ्रष्टाचार में पीएचडी कर रखी है। धर्मवीर अशोक आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हुए है।

दैनिक जागरण से बातचीत में कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर गुढ़ा ने कहा कि अशोक गहलोत अच्छे आदमी है। गहलोत के मन में गरीबों के प्रति अच्छा सोच है। उन्होंने कहा कि मैं तो पहले ही कह चुका कि गहलोत राजस्थान की मिट्टी के है,यहां की नब्ज जानते है वे बेहतर मुख्यमंत्री साबित होंगे। प्रदेश के विकास में वे गहलोत के साथ है।

उल्लेखनीय है कि साल,2009 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी थी। उस समय गुढ़ा सहित 6 विधायक बसपा के टिकट पर विधानसभा में पहुंचे थे। गहलोत ने उस दौरान बसपा विधायक दल का कांग्रेस में विलय कराते हुए सभी 6 विधायकों को मंत्री बनाया था।

राजेंद्र गुढ़ा बोले,यूपी के नेता राजस्थान को लूट रहे है

खुद को बसपा विधायक दल का नेता बताते हुए राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि मै दूसरी बार विधायक बना हूं। 15 साल बसपा में रहते हुए मैने देखा है कि यूपी के नेता राजस्थान में आकर लूट मचाते है। प्रदेश के बसपा नेताओं को खुली आजादी नहीं दी जाती,यूपी के नेता यहां आकर केवल पैसे बटोरने का काम करते है। गुढ़ा ने बसपा सुप्रीमो मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि बहनजी तो टिकट की बोली लगाती है। गुढ़ा ने गुरूवार को विधायकों की कार्यशाला में भी पार्टी नेतृत्व पर पैसे लेकर टिकट देने का आरोप लगाया था। गुढ़ा द्वारा पैसे के बदले टिकट मिलने के दिए गए बयान के बाद पार्टी में अंदरुनी सियासत गरमा गई है।

गुढ़ा के अतिरिक्त अन्य विधायक खुलकर बोलने से बच रहे है। बसपा विधायक लाखन मीणा ने कहा कि इस बारे में गुढ़ा ही बताएंगे कि किससे कितना पैसा लिया गया। जानकारी के अनुसार बसपा के 6 में से 3 विधायक गुढ़ा के माध्यम से गहलोत के संपर्क में है। शेष 3 विधायक फिलहाल पार्टी के पक्ष में तो बयान दे रहे है,लेकिन कांग्रेस के साथ भी अपने संबंध बनाए रखने में जुटे है। बसपा के प्रदेश प्रभारी धर्मवीर अशोक के निकट माने जाने वाले विधायक जोगेंद्र सिंह ने मीडिया से कहा कि राजेन्द्र गुढ़ा ने जो बयान दिया है उनकी वो ही जानें, मैंने कोई पैसा नहीं दिया। वहीं बसपा के दूसरे विधायक वाजिब अली ने कहा कि मैने टिकट के लिए कोई पैसा नहीं दिया है।उधर धर्मवीर अशोक पार्टी विधायकों से बातचीत में जुटे है।  

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.