श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक विस्फोट: पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ से जुड़े तार, NIA करेगी जांच
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट को आतंकवादी घटना मानते हुए जांच एनआइए को सौंपी है।

NIA करेगी राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर धमाके की जांच। (फोटो- रॉयटर्स)
HighLights
श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक विस्फोट की जांच एनआइए को सौंपी गई।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसे आतंकवादी घटना माना है।
विस्फोटक ड्रोन से पाकिस्तान सीमा से गिराए गए थे।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) को सौंपी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने प्रकरण को आतंकवादी घटना मानते हुए जांच एनआइए को सौंपी है। अब एनआइए की टीम शुक्रवार तक श्रीगंगानगर पहुंचकर जांच शुरू करेगी।
एटीएस की अब तक की जांच में सामने आया कि विस्फोट के लिए आइईडी और हथियार जैसलमेर एवं पंजाब के गुरदासपुर की पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के जरिये गिराए गए थे। इस मामले में गिरफ्तार महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह ने विस्फोटक रेलवे ट्रैक पर रखे थे।
वहीं हरप्रीत सिंह ने इस काम में मदद की थी। तीनों से हुई पूछताछ, मोबाइल सहित अन्य सबूतों की जांच में राजफाश हुआ है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ के एजेंट शाह ने महकदीप और देवेंद्र सिंह के माध्यम से विस्फोटक पदार्थ ट्रैक पर रखवाया था। दोनों की शाह से मोबाइल पर कई बार बात हुई थी।