Murder In Churu: महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक की हत्या
Murder in churu. महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घटना राजस्थान के चुरू की है।
जयपुर, राज्य ब्यूरो। Murder in churu. राजस्थान के चूरू जिले में युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि यह युवक एक महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। युवक के परिजनों ने इस संबंध में आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ हत्या का नामजद मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना हमीरवास थाना इलाके में हुई है। हत्या का शिकार हुए युवक लादड़िया का रहने वाला ओमप्रकाश मूंदडिया है। रविवार को उसका शव गांव भैंसली के खेतों में पड़ा मिला था। युवक के चेहरे पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। ओमप्रकाश जालोर में किसी निजी कंपनी में काम करता था और उसका गांव की शादीशुदा महिला से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पिछले साल दोनों जालौर भाग गए थे, लेकिन पुलिस उन्हें ढूंढ कर ले आई थी।
यहां आने के बाद महिला ने अपने पति के साथ रहने से इन्कार कर दिया और वह ओमप्रकाश के साथ रहने लगी। ओमप्रकाश के परिजनों का आरोप है कि इसके बाद से ही महिला के पति, ससुरालवाले और पीहर पक्ष के लोग उसे परेशान कर रहे थे और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। शनिवार रात को ओमप्रकाश और महिला प्रियंका को बाइक से लेकर उसके पीहर छोड़ने गया था। इसी दौरान उसके साथ यह मारपीट और हत्या की घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इस मामले में पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही पाली में ऑनर किलिंग का मामला भी सामने आ चुका है। वहां एक महिला ने अपने देवर के साथ मिल कर अपनी बेटी की हत्या कर दी थी। बेटी एक मराठी लड़के से प्यार करती थी। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था।