अस्पताल परिसर में घुसकर दिनदहाड़े पिता-पुत्र की हत्या
एमजी अस्पताल परिसर में घुसकर कुछ लोगों ने पिता और पुत्र की दिन दहाड़े हत्या कर दी।
जयपुर, जेएनएन। राजस्थान के बांसवाड़ा शहर के एमजी अस्पताल परिसर में घुसकर शनिवार सुबह कुछ लोगों ने पिता और पुत्र की दिन दहाड़े हत्या कर दी। हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को एमजी अस्पताल की ट्रामा यूनिट में भर्ती कराया गया है। घटना सुबह करीब दस बजे की है। वारदात के पीछे दो पक्षों के बीच जमीन का विवाद बताया जा रहा है।
शुक्रवार को दोनों पक्षों में विवाद हुआ था और दोनों ओर से थाने में शिकायत भी की गई थी। इसके बाद शनिवार को सुबह एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के तीन लोगों पर चिकित्सालय परिसर में हमला कर दिया। हमलावर वाहनों में भरकर आए और दूसरे पक्ष के तीनों लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसमें दो की मौके पर ही मौत हो गई और तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान इंदिरा कॉलोनी बांसवाड़ा में निवासी शब्बीर खान और उसके बेटे शरीफ के रूप में हुई है। तीसरा घायल शाहिद भी शब्बीर का ही बेटा है। अस्पताल के पास ही पुलिस चौकी है। बावजूद इसके दिनदहाड़े इतनी बड़ी वारदात हो गई।