'नशे की तरह काम कर रहा इंस्टाग्राम व फेसबुक', जोधपुर में बोले मोहन भागवत
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने जोधपुर में कहा कि रासायनिक ड्रग्स के साथ चाय, कॉफी, फेसबुक और इंस्टाग्राम भी नशे की तरह हैं।

नशे की तरह काम कर रहा इंस्टाग्राम व फेसबुक। (पीटीआई)
HighLights
मोहन भागवत ने हर तरह के नशे को बताया नुकसानदायक।
फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी हैं नशा।
अंग्रेजी शिक्षा और सामाजिक एकता पर भी की महत्वपूर्ण बात।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने सामाजिक बुराइयों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हर तरह का नशा नुकसानदायक है। उन्होंने कहा कि केवल रासायनिक ड्रग्स ही नशा नहीं हैं, बल्कि चाय-कॉफी भी व्यसन बन जाते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि आज के दौर में फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी एक नशे की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हर तरह का नशा व्यक्ति और समाज की जागरूकता को कम करता है। भागवत ने कहा कि लोगों को जाति, भाषा और राज्य का भी नशा हो जाता है, और जो व्यक्ति इन सभी तरह के नशों से दूर रहेगा, उसका जीवन सुखी होगा।
संघ प्रमुख ने राजस्थान के जोधपुर में आयोजित 'मरु निनाद' घोष शिविर के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अंग्रेजों ने हमारी शिक्षा खत्म कर दी और अपनी शिक्षा हम पर थोप दी, इसलिए हमारे संपन्न लोग गरीब हो गए। उन्होंने हमारे देश को एक प्रकार से नशे में डाल दिया। अंग्रेजों ने यह देख लिया कि जब तक भारतीय होश में हैं उन्हें जीतना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि समय बड़ा नाजुक है। लेकिन एक साथ खड़े हुए तो हम समय की बाजी मार लेंगे। संघ का काम करने का तरीका सीधा-सादा है। हमें सभी को साथ लेकर चलना है। संघ संपूर्ण समाज को संगठित समाज के रूप में खड़ा करेगा।"