गुजरात की गर्भवती महिला से राजस्थान में सामूहिक दुष्कर्म Nagaur News
Pregnant woman. गुजरात की गर्भवती महिला से राजस्थान के नागौर में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जोधपुर, जेएनएन। गुजरात की एक गर्भवती महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपितों ने दुष्कर्म का वीडियो बना कर गर्भवती महिला के पति को भेज दिया। जोधपुर के महिला थाना पश्चिम में पीड़िता ने अपने पति के साथ पहुंच कर मामला दर्ज करवाया है। चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी गई है। महिला ने विगत दो महीने से घटना के लगातार होने की बात कही है। पीड़ित महिला नौ माह की गर्भवती है। सीआरपीसी की धारा 164 में बयान लेने के बाद जीरो नंबरी इस एफआइआर को गुजरात भेजा गया है।
जोधपुर महिला थाना पश्चिम प्रभारी किरण गोदारा ने बताया कि नागौर जिले में गुजरात की रहने वाली एक 22 साल की महिला की तरफ से पर्चा बयान पर केस को दर्ज किया गया, जिसमे महिला ने कहा है कि पिछले महीने जून में गुजरात के बड़ौदा में उसकी परिचित महिला ने घर पर किसी काम से बुलाया और एक कमरे में बंद कर दिया। उस दौरान हरीराम राव नाम के शख्स ने उससे दुष्कर्म किया। बाद में गोपीराम, गणपत राम व फुसनाथ ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। उस समय महिला ने स्वयं को सात आठ माह की गर्भवती होना बताया। रिपोर्ट में महिला ने उसका वीडियो बनाने के बाद लगातार ब्लैकमेल कर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। आरोपितों ने उसका वीडियो बनाकर 18 जुलाई को पति को भेज दिया।
इसके बाद पीड़िता और उसके पति को ऊंची पहुंच होने का कहकर धमकाया। इसके बाद डरे सहमे पति ने नागौर में अपने परिचित से बात कर उसे महिला थाना पश्चिम भेजा गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है, और जीरो नंबर की एफआइआर काट गुजरात भेजी है। इधर, महिला का मेडिकल भी करवाया गया है और सीआरपीसी की धारा 164 में बयान लिए गए हैं।