Rajasthan Heat Wave: राजस्थान में 46 डिग्री तक पहुंचा पारा, जारी रहेगा लू का प्रकोप
Rajasthan Heat Wave. सीमावर्ती बाड़मेर जैसलमेर व जोधपुर जिलों में दोपहर का तापमान 46 डिग्री तक पहुंच रहा है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। Rajasthan Heat Wave. राजस्थान का रेगिस्तान तपना शुरू हो गया है। पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान 46 डिग्री को छू गया है। रात का तापमान भी बढ़ने के कारण लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है। तीन दिन से सीमावर्ती बाड़मेर, जैसलमेर व जोधपुर जिलों में दोपहर का तापमान 46 डिग्री तक पहुंच रहा है। अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट रविवार दोपहर एक बार तो तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया। यही हालत बाड़मेर के रहे। चूरू में तापमान 44 डिग्री रहा है। इन जिलों में सुबह 10 बजे से ही सूरज आग उगलता महसूस होता है। दोपहर तक गर्मी तपन अधिक हो जाती है। दिन में लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। हवाओं की गति कम होने और खुली धूप निकलने से पारा बढ़ रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि दो-तीन दिन तक तापमान में स्थिरता या बढ़ोतरी से गर्मी का असर बरकरार रहेगा और लू का प्रकोप जारी रहेगा। जोधपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 44.3 और न्यूनतम 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। पाली में अधिकतम तापमान 44.8 और न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जयपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के ज्यादातर हिस्से इस वक्त गर्म हवाओं की चपेट में हैं। आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज होने वाला है।
जून में हमेशा की तरह तापमान और अधिक बढ़ सकता है। ऐसे में मौसम विभाग ने भी आमजन से गर्मी से बचाव रखने के निर्देश दिए हैं। जरूरी काम के लिए सुबह और शाम के समय घरों से निकलने की सलाह दी है। इसके अलावा दोपहर के समय घरों में ही रहे। नींबू पानी व अन्य तरल पदार्थों के जूस का सेवन करते रहे। बार-बार पानी पीए और घर से बाहर निकले तो मुंह को कपड़े से ढंक कर निकले।