उदयपुर की आबादी क्षेत्र में घुसा तेंदुआ, दहशत में रहे लोग, शाम को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया
शहर के लकड़वास क्षेत्र के लोग बुधवार को दहशत में रहे। कारण था आबादी क्षेत्र में घुसा तेंदुआ। साढ़े चार घंटे तक लोग अपने घरों में ही कैद रहे और वन विभाग की टीम के चलाए रेस्क्यू आॅपरेशन के बाद ही उन्हें राहत मिल पाई।
उदयपुर, संवाद सूत्र। शहर के लकड़वास क्षेत्र के लोग बुधवार को दहशत में रहे। कारण था आबादी क्षेत्र में घुसा तेंदुआ। साढ़े चार घंटे तक लोग अपने घरों में ही कैद रहे और वन विभाग की टीम के चलाए रेस्क्यू आॅपरेशन के बाद ही उन्हें राहत मिल पाई। वन विभाग की टीम ने आबादी क्षेत्र में घुसे तेंदुए को ट्रेक्यूलाइज किया और उसे पिंजरे में कैद करने में सफलता हांसिल की। पकड़े गए तेंदुए को फिलहाल सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में चौदह दिन तक क्वारेनटाइन रखा जाएगा। बाद में उसकी रिहाई या उसे बायोलॉजिकल पार्क के डिस्प्ले एरिया में रखना है, के बारे में निर्णय लिया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार लकड़वास में सुबह सात बजे लोगों ने एक तेंदुए को सड़क पर घूमते देखा तो उनके होश उड़ गए। यह खबर जल्द ही आग की तरह पूरे लकड़वास तथा उदयपुर शहर में फैल गई। लोगों ने खुद को अपने—अपने घरों में कैद कर लिया तथा क्षेत्र के लोगों ने अपनी दुकान तथा प्रतिष्ठान बंद कर लिए। कुछ लोगों ने हिम्मत जुटाई तथा लाठियां लेकर सामूहिक रूप से तेंदुए का पीछा करने की तैयारी की। इस बीच वन विभाग तथा पुलिस को भी आबादी क्षेत्र में घुसे तेंदुए की जानकारी मिल गई।
वन विभाग की टीम पिंजरे के साथ मौके पर पहुंची तथा उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू किया। इस बीच साढ़े ग्यारह बजे वन विभाग के कर्मचारियों ने झाड़ियों में छिपे तेंदुए को देखा तथा उनके शूटर ने उसे तत्काल ट्रेक्यूलाइज किया। उसके बेहोश होने पर वन विभाग की टीम ने उसे पिंजरे में कैद कर लिया। इस तरह लकड़वास क्षेत्र के लोगों ने साढ़े चार घंटे बाद राहत की सांस ली। तेंदुए की तलाश में वाइल्ड एनिमल एवं नेचर रेस्क्यू सोसायटी के सदस्यों ने वन विभाग के कर्मचारियेां की मदद की।
वन विभाग के लालसिंह का कहना है कि पकड़े गए तेंदुए को सज्जनगढ़ स्थित बायोलॉजिकल पार्क ले जाया गया। जहां वन विभाग के चिकित्सकों ने उसकी जांच की तथा फिलहाल चौदह दिन के लिए उसे क्वारेनटाइन कर दिया गया है। बताया गया कि पकड़ा गया तेंदुआ लगभग नौ साल का है तथा वह पूरी तरह स्वस्थ्य है। माना जा रहा है कि भूख और प्यास की वजह से वह आबादी क्षेत्र में घुस आया था।