भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- जनता को भूलने ना दें राजस्थान सरकार की नाकामियां और सामने आई फूट
जेपी नड्डा राजस्थान के प्रदेश पदाधिकारियों की पहली बैठक को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा राजस्थान सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।
जयपुर, राज्य ब्यूरो। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राजस्थान के पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि यहां की कांग्रेस सरकार की नाकामियों और हाल में सामने आई आपसी लड़ाई को जनता के बीच ले जाएं और जनता को इसे भूलने ना दें। इसके लिए राजस्थान के बूथ स्तर पर वाट्सएप ग्रुप बना कर राजनीतिक कंटेंट लोगों तक पहुंचाएं।
जेपी नड्डा रविवार को राजस्थान के प्रदेश पदाधिकारियों की पहली बैठक को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा राजस्थान सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। अपराधों में 80 प्रतिशत की बढ़ोतरी इस बात का सबूत है कि यहां प्रशासन काम नही कर रहा है। बिजली के बिलों की राशि बढ़ा कर सरकार ने एक बार फिर वादा खिलाफी की है। इसके अलावा पिछले एक माह में कांग्रेस की आपसी लड़ाई जिस शर्मनाक ढंग से सामने आई है उसे पूरी जनता ने देखा है। कोविड के संकट में कांगेस के नेता मुगले आजम और शोले देख रहे थे, इटेलियन व्यंजन बना रहे थे।
सरकार के मुख्यमंत्री अपने ही प्रदेश अध्यक्ष को निकम्मा कह रहे थे। नड्डा ने कहा ये ऐसी बातें है जिन्हें हमें जनता को भूलने नही देना है। इन्हें प्रभावी ढंग से जनता के बीच ले जाना है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही हमें केंद्र सरकार द्वारा कोविड के दौरान किये गए काम, आत्मनिर्भर पैकेज और आजाद भारत की पहली आजाद शिक्षा नीति को भी जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि संगठन का उद्योग और व्यापार प्रकोष्ठ तथा किसान प्रकोष्ठ आत्मनिर्भर पैकेज में उद्यमियों और किसानों के लिए की गई घोषणाओं का लाभ दिलवाने में सक्रियता से काम करें। उन्होंने पार्टी की आईटी सेल को ऐसा कंटेंट तैयार करने को कहा जो सकारात्मक हो और जनता को राजनीतिक तौर पर जागरूक बनाये। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर वाट्सएप ग्रुप बना कर लोगों को जोड़ा जाए और राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय व स्थानीय स्तर का कंटेंट तैयार कर लोगों तक पहुंचाया जाए।
संकेतों में एकजुटता की सीख भी
नड्डा ने अपने संबोधन में संकेतों के जरिये पार्टी को एकजुटता की सीख भी दी। उन्होंने कांग्रेस में सामने आई आपसी लड़ाई का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि छोटी छोटी बातों से ही संगठन में बिखराव आता है। उन्होंने कहा कि हमें हमारी विचारधारा के प्रति समर्पित कार्यकर्ता तैयार करने हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि पार्टी को एकजुट रखते हुए आगे बढ़ने की जिम्मेदारी अब आप लोगों की है।