राजस्थान: जालौर की पूर्व विधायक अमृता मेघवाल का तलाक रद, अब दोबारा होगी सुनवाई
जालौर पारिवारिक न्यायालय ने भाजपा की पूर्व विधायक अमृता मेघवाल और उनके पति बाबूलाल मेघवाल के एकतरफा तलाक को रद कर दिया है।

जालौर की पूर्व विधायक अमृता मेघवाल का तलाक रद।
HighLights
पूर्व विधायक अमृता मेघवाल का एकतरफा तलाक रद्द।
न्यायालय ने नोटिस तामील में कमी पाई।
अब दोनों पक्षों को मिलेगा सुनवाई का मौका।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में जालौर जिले के पारिवारिक न्यायालय ने भाजपा की पूर्व विधायक अमृता मेघवाल और उनके पति बाबूलाल मेघवाल के तलाक को रद कर दिया है।
बाबूलाल भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष हैं। न्यायालय ने करीब तीन वर्ष पहले पारित एकतरफा तलाक डिक्री को निरस्त कर दिया है। न्यायालय ने माना कि अमृता के मामले में विधि के अनुसार नोटिस की तामील नहीं हुई। उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका नहीं मिला।
दरअसल, बाबूलाल ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13 के तहत विवाह विच्छेद (तलाक) की याचिका 22 सितंबर, 2022 को जालौर पारिवारिक न्यायालय में पेश की थी। अमृता को जयपुर स्थित आवास के पुराने पति पर नोटिस भेजे गए थे, लेकिन वह वहां नहीं रहती थी, जिससे उन्हें नोटिस नहीं मिल सका। इसके बाद समाचार पत्र में नोटिस प्रकाशित करवाया गया।
अमृता की ओर से न्यायालय में आवेदन कर कहा गया कि उन्हें नोटिस नहीं मिला, तलाक की कार्यवाही की समय पर जानकारी ही नहीं मिली। 15 जुलाई, 2023 को एकतरफा डिक्री निरस्त करने के लिए आवेदन किया गया था। रिकॉर्ड की जांच के बाद न्यायालय ने माना कि नोटिस तामील करवाने की प्रक्रिया में कमी रही है।
पीठासीन अधिकारी अमर वर्मा ने अमृता का आवेदन स्वीकारते हुए एकतरफा डिक्री और निर्णय का निरस्त करते हुए मामले की फिर से सुनवाई के आदेश दिए हैं। अब दोनों पक्षों को न्यायालय में अपना पक्ष रखने का अवसर मिल सकेगा।
उल्लेखनीय है कि अमृता एवं बाबूलाल का विवाह अप्रैल, 2008 में हुआ था। जनवरी, 2019 में दोनों के बीच विवाद हुआ, फिर अलग रहने लगे। साल, 2022 में बाबूलाल ने तलाक के लिए न्यायालय में आवेदन किया, जिसे मंजूर कर लिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।