जयपुर की 'त्योहार अशर्फी' मिठाई बनी चर्चा का विषय, कीमत 1.23 लाख रुपये प्रति किलो
जयपुर में 'त्योहार अशर्फी' नामक एक विशेष मिठाई दीपावली पर चर्चा में है, जिसकी कीमत 1.23 लाख रुपये प्रति किलो है।

जयपुर में सोने के सिक्के जैसी मिठाई। (सोशल मीडिया)
HighLights
जयपुर में 'त्योहार अशर्फी' मिठाई 1.23 लाख रुपये प्रति किलो बिक रही है।
यह सोने के सिक्के के आकार की, स्वर्ण भस्म और केसर से बनी है।
संस्थापक अंजलि जैन ने इसे समृद्धि का प्रतीक आलीशान उपहार बताया।
डिजिटल डेस्क, जयपुर। दीपावली पर जयपुर की एक मिठाई अपनी कीमत और खास अंदाज के कारण चर्चा में है। ‘त्योहार अशर्फी’ नाम की इस मिठाई का दाम 1.23 लाख रुपये प्रति किलो है। सोने के सिक्के के आकार की मिठाई का नौ ग्राम का एक टुकड़ा 1,111 रुपये में मिलता है। नौ टुकड़ों के डिब्बे की कीमत 9,999 रुपये है।
मिठाई के बीच में बादाम का मिश्रण है, जिसमें स्वर्ण भस्म मिलाई गई है। इसके ऊपर सोने का वर्क और केसर की परत चढ़ाई गई है। त्योहार आउटलेट की संस्थापक सीए अंजलि जैन ने बताया कि उनका उद्देश्य राजाओं और महाराजाओं के दौर से जुड़ी पारंपरिक अशर्फी को खाने योग्य रूप में पेश करना था। प्रति टुकड़ा 1,111 रुपये की कीमत शुभ मानी जाने वाली संख्या के कारण रखी गई है। उन्होंने इसे समृद्धि और शांति का प्रतीक आलीशान दीवाली उपहार बताया।
जैन के अनुसार, पारंपरिक रत्नों से प्रेरित काजू कतली की नौ किस्में भी पेश की गई हैं, जिन्हें ‘त्योहार नवरत्न’ नाम दिया गया है। इनमें पिस्ता वाली हरी काजू कतली पन्ने से और केसर के स्वाद वाली पीली काजू कतली पीले नीलम से प्रेरित है।
गुलाब के स्वाद वाली मिठाइयां मूंगे और स्ट्राबेरी वाली माणिक का प्रतिनिधित्व करती हैं। संग्रह में सादी, गुलाब और आम के स्वाद वाली काजू कतली के साथ माचा और अन्य स्वाद भी हैं। जैन ने कहा कि उत्पादों में कृत्रिम रंगों के बजाय प्राकृतिक रंगों और स्वादों का इस्तेमाल किया गया है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।