विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जयपुर: छात्रा का शव घर से डेढ़ किलोमीटर दूर अपार्टमेंट के पोर्च पर मिला, धरने पर बैठे परिजन

Published: Sun, 07 Jun 2026 10:32 PM (IST)

जयपुर के प्रतापनगर में 12वीं की छात्रा का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए धरना ...और पढ़ें

छात्रा का शव अपार्टमेंट के पोर्च पर मिला। (प्रतीकात्मक)

छात्रा का शव अपार्टमेंट के पोर्च पर मिला। (प्रतीकात्मक)

HighLights

  1. जयपुर में 12वीं की छात्रा का शव बरामद।

  2. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर धरना दिया।

  3. पुलिस पर आत्महत्या दिखाने का आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता,जयपुर। जयपुर के प्रतापनगर स्थित एक अपार्टमेंट के पोर्च पर शनिवार को 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा का शव मिलने के मामले में रविवार को स्वजन अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए। स्वजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया।

स्वजनों का आरोप है कि स्वयं को कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा का दोहिता बताने वाले एक युवक ने छात्रा को इंस्टाग्राम के जरिए अपने जाल में फंसाया। वह इंस्टाग्राम पर छात्रा से बात करता था। करीब एक सप्ताह पहले छात्रा ने युवक से बात करने से इनकार किया तो उसने धमकी दी थी।

स्वजनों का आरोप है कि उस युवक ने ही छात्रा का अपहरण कर अपार्टमेंट में ले जाकर हत्या की है। स्वजन मृतका के शव का पोस्टमार्टम एक बार फिर किसी स्वतंत्र एवं विशेष मेडिकल बोर्ड की निगरानी में करवाने,पूरे मामले की न्यायिक जांच,प्रकरण के जांच अधिकारी को बदलने की मांग कर रहे हैं।

छात्रा के स्वजनों का आरोप है कि पुलिस हत्या के मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास कर रही है। उल्लेखनीय है कि छात्रा का शव शनिवार सुबह उसके घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक अपार्टमेंट की पहली मंजिल के पोर्च पर मिला था। वह शुक्रवार शाम को साइकिलिंग के लिए निकली थी,उसके बाद घर नहीं लौटी।

स्वजनों ने रात साढ़े दस बजे प्रतापनगर पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। अपार्टमेंट की छत पर उसकी चप्पल और चश्मा मिला है।

पुलिस का कहना है कि आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल को लेकर मामले की जांच की जा रही है। प्रतानगर पुलिस थाना अधिकारी पूरनमल ने कहा,हादसे के दिन छात्रा की मां एक साड़ी की दुकान पर खरीददारी करने और छात्रा साइकिलिंग करने गई थी । उसके बाद छात्रा वापस नहीं लौटी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।