जयपुर में खजाने की तलाश में मालिक खुद तुड़वा रहे पुश्तैनी हवेलियां, CCTV से हो रही निगरानी
जयपुर के पुराने शहर में मालिक पुश्तैनी हवेलियों को खजाने की तलाश में तुड़वा रहे हैं, हालिया खोजों से प्रेरित होकर।

खजाने की तलाश में मालिक खुद तुड़वा रहे पुश्तैनी हवेलियां। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)
HighLights
जयपुर में मालिक खजाने की उम्मीद में हवेलियां तुड़वा रहे हैं।
सीसीटीवी कैमरे लगाकर खुदाई की निगरानी की जा रही है।
कानून के अनुसार, गड़े खजाने पर सरकार का पहला हक है।
नरेंद्र शर्मा, जयपुर। करीब 300 वर्ष पूर्व बसे जयपुर के पुराने शहर (परकोटे) में इन दिनों पुश्तैनी हवेलियों को खुद उनके मालिक नीचे दबा खजाना मिलने की उम्मीद में तुड़वा रहे हैं। इन हवेलियों को बुलडोजर से गिराने के बजाय मालिक खुद अपने सामने श्रमिकों से एक-एक पत्थर हटवा रहे हैं। कुछ हवेली मालिकों ने निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे तक लगवा दिए हैं।
आधिकारिक तौर पर तो इन हवेलियों के जर्जर होने के कारण तोड़कर नए निर्माण की नगर निगम से अनुमति ली गई है, लेकिन तोड़फोड़ का काम कर रहे श्रमिकों व ठेकेदारों का कहना है कि असल में खजाने की तलाश में पुराना निर्माण ध्वस्त करवाया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारी भी अनौपचारिक रूप से इस बात को स्वीकार करते हैं।
दरअसल, जुलाई 2026 में शहर के 'विद्याधर जी का रास्ता' में करीब 250 से 300 वर्ष पुरानी हवेली को तोड़कर नया निर्माण करने की प्रक्रिया शुरू होने पर नींव और दीवारों में चांदी की सिल्लियां, सोने के 10 कलश और 10 हजार पुराने सोने-चांदी के सिक्के मिले थे। तब ठेकेदार और श्रमिकों ने चांदी और सोने के सामान को आपस में बांट लिया था।
बाद में एक श्रमिक ने हिस्सा कम मिलने पर नाराज होकर मालिक राहुल सेठी को बताया तो मामला पुलिस तक पहुंचा और पांच श्रमिकों व ठेकेदार को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 66 किलो 400 ग्राम चांदी और सोने के कलश बरामद हुए। इन्हें वर्तमान में माणक चौक पुलिस थाने के मालखाने में रखा गया है।
हवेली के मालिक राहुल सेठी ने इसके हक को लेकर कोर्ट में वाद दायर किया है। वहीं, त्रिपोलिया बाजार में भी "मुंबई वालों की हवेली" में तीन खाली तिजोरियां मिली थीं। इन दोनों घटनाओं के बाद से पुश्तैनी हवेलियों में खजाना होने की उम्मीद में मालिक खुद इन्हें तुड़वा रहे हैं।
कई हवेलियों को तोड़ने का काम जारी
पुराने जयपुर के ब्रह्मपुरी, किशनपोल बाजार, चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़, रामंगज, त्रिपोलिया बाजार, गोपाल जी का रास्ता और धाबाई जी के रास्ते में कई पुरानी हवेलियों को तोड़ने का काम जारी है।
निगम अधिकारियों व पुराने शहर के लोगों का कहना है कि 250 से 300 वर्ष पुरानी ये हवेलियां वर्षों से सुनसान थीं, लेकिन अब मालिकों ने उन्हें संभाला है। वे वर्षों पहले इन हवेलियों को छोड़कर दूर जाकर रहने लगे थे।
पुराने शहर की 10 से अधिक हवेलियों को तोड़ने और निर्माण का काम कर रहे ठेकेदार रामबाबू ने कहा कि कोई भी मालिक जेसीबी से पुरानी इमारत नहीं तुड़वा रहे हैं। पुश्तैनी धन मिलने की उम्मीद में नींव को गहराई तक खुदवा रहे हैं। दीवारों को भी तोड़ते समय मालिक ध्यान रख रहे हैं।
खजाने पर पहला हक सरकार का
देश में "इंडियन ट्रेजर ट्रोव एक्ट्र1978" और "इंडियन ट्रेजर ट्रोव नियम,1961" लागू है। कानून के प्रविधानों के अनुसार, गड़े हुए खजाने पर सबसे पहला हक राज्य सरकार का है। जिस व्यक्ति की प्राचीन हवेली में जमीन में दबा धन मिलता है तो उसे सरकार को सूचित करना होता है।
खजाने पर हक जताने के लिए यह साबित करना होता है कि खजाना उसके पूर्वजों का है। कानूनी जांच में साबित होने पर सरकार खजाना संबंधित व्यक्ति को सौंप सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।