गनपॉइंट पर CA का किडनैप: नाले में कार गिरते ही भागे नकाबपोश बदमाश, लोगों ने चोर समझकर मालिक को ही पीटा
जयपुर के सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के दौरान एक चार्टर्ड अकाउंटेंट को पिस्तौल और चाकू के दम पर अगवा कर उनकी मर्सिडीज छीनने की कोशिश की गई।
HighLights
जयपुर सेंट्रल पार्क में CA राजीव गुप्ता का अपहरण प्रयास
हमलावर लग्जरी कार नहीं चला पाए, नाले में गिरी कार
पीड़ित को भीड़ ने आरोपी समझकर पीटा, पुलिस जांच जारी
डिजिटल डेस्क, जयपुर। जयपुर के सेंट्रल पार्क में हुई एक घटना ने सभी को हैरान कर दिया है। यहां मोर्निंग वाक पर निकले चार्टर्ड अकाउंटेंट राजीव गुप्ता को दो लोगों ने पिस्तौल और चाक़ू के दम पर किडनैप करने की कोशिश की. उसके बाद जो हुआ वो और भी चौंकाने वाला था।
पार्क से कार छीनने की कोशिश
सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के बाद राजीव गुप्ता अपनी मर्सिडीज में बैठने ही वाले थे कि दो नकाबपोश व्यक्ति अचानक उनके पास पहुंच गए। एक ने कनपटी पर पिस्तौल दिखाया तो दूसरे ने गर्दन पर चाकू रख दिया। धमकी भरे लहजे में उन्हें ड्राइविंग सीट से हटाया गया और कार पर कब्जा कर लिया गया।
दिलचस्प बात यह रही कि हमलावर लग्जरी कार चलाना नहीं जानते थे। राजीव को पिस्टल की नोक पर गियर, कंट्रोल और अन्य जानकारी देने को मजबूर होना पड़ा। कार जयपुर से दिल्ली रोड की ओर बढ़ने लगी।
चलती गाड़ी में तीन बार भागने की कोशिश
राजीव लगातार भागने का रास्ता ढूंढ रहे थे। उन्होंने तीन बार चलती कार से बाहर निकलने की कोशिश की। हर बार पीछे बैठा व्यक्ति उन्हें जबरन वापस खींच लेता और हथियार दिखाकर धमकाता। कार के अंदर संघर्ष जारी रहा जबकि सड़क पर तेज रफ्तार मर्सिडीज बेकाबू होती चली गई।
सड़क पर अफरा-तफरी
अनियंत्रित कार ने कई बाइक सवारों और राहगीरों को टक्कर मारी। इससे सड़क पर हड़कंप मच गया। लोगों ने कार का पीछा शुरू कर दिया। अचानक मर्सिडीज पलटती हुई सड़क किनारे गहरे नाले में जा गिरी। दोनों नकाबपोश मौके से भाग निकले।
भीड़ ने पीड़ित को ही आरोपी समझा
नाले से बाहर निकले राजीव मदद की आस लगाए बैठे थे, लेकिन पीछा कर रही भीड़ ने उन्हें ही आरोपी समझ लिया। गुस्साए लोगों ने उन्हें घेर लिया और कुछ ने मारपीट भी शुरू कर दी। राजीव बार-बार अपनी बात समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन अफरा-तफरी के माहौल में किसी ने ध्यान नहीं दिया।
पुलिस जांच और सबूतआमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राजीव को सुरक्षित निकाला। क्रेन की मदद से कार बाहर निकाली गई। तलाशी में एक नकली पिस्टल और असली चाकू मिला।
पुलिस अब सेंट्रल पार्क से दिल्ली रोड तक के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की पहचान तथा भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।यह घटना सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ की मानसिकता दोनों पर सवाल खड़े करती है।
