विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ISI हनीट्रैप मामले में बड़ा खुलासा, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर रेलवे ट्रैक के पास से दो संदिग्ध बॉक्स बरामद; टाइमर बम होने की आशंका

Published: Mon, 16 Nov 2026 08:04 PM (IST)

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक विस्फोट मामले में गिरफ्तार आईएसआई हनीट्रैप के आरोपी महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह की निशानदेही पर अनूपगढ़ में रेलवे ट्रैक के पास दो संदिग्ध बॉक्स मिले हैं।

रेलवे ट्रैक के पास से दो संदिग्ध बॉक्स बरामद

रेलवे ट्रैक के पास से दो संदिग्ध बॉक्स बरामद

HighLights

  1. आईएसआई हनीट्रैप आरोपियों की निशानदेही पर संदिग्ध बॉक्स मिले।

  2. अनूपगढ़ में रेलवे ट्रैक के पास दो संदिग्ध वस्तुएं बरामद।

  3. संदिग्ध बॉक्स में टाइमर बम होने की आशंका, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, जयपुर। श्रीगंगानगर में तीन नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले में पंजाब के गुरदासपुर जिले से गिरफ्तार महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह की निशानदेही पर राजस्थान के अनूपगढ़ जिले में सोमवार को रेलवे ट्रैक के पास दो संदिग्ध बाक्स मिले हैं। दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान राजफाश किया कि उन्होंने इलाके में बम लगाए थे।

बता दें कि महकदीप कौर को आईएसआई ने हनीट्रैप किया था, जिसके बाद उसने श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाया था। एसपी नितिन चौधरी ने बताया कि रामसिंहपुर रेलवे स्टेशन से करीब 300 मीटर पहले स्थित पीर की मजार के पास आरोपितों को लेकर पुलिस पहुंची थी। यहां रेलवे ट्रैक से लगभग 15 से 20 मीटर दूर खाली जगह पर बम जैसी दो संदिग्ध वस्तुएं मिली हैं।

आशंका जताई जा रही है कि इनमें टाइमर बम हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि बम निरोधक दस्ते की जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक रूप से की जा सकेगी। एहतियातन इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।

बता दें कि यह बरामदगी उस समय हुई जब एटीएस और पुलिस की टीम दोनों आरोपियों को सीन रीक्रीएट करने के लिए मौके पर लेकर गई थी।

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया था कि उन्होंने 12-13 अक्टूबर को भी इस इलाके में बम लगाए थे। पुलिस ने जब मौके पर जाकर जांच की तो वहां दो संदिग्ध बाक्स मिले, जो देखने में बम जैसे लग रहे थे। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। साथ ही रेलवे अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है।

यह घटनाक्रम राजस्थान पुलिस द्वारा रविवार को पंजाब के गुरदासपुर जिले से महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद सामने आया है। दोनों को 3 नवंबर को रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसकी गतिविधियों का दायरा कितना बड़ा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।