Udaipur Municipal Corporation Election: गुलाबचंद कटारिया बोले, मिशन 60 में मिलेगी कामयाबी
Udaipur Municipal Corporation Election. उदयपुर विधायक गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि उदयपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा का मिशन 60 कामयाब होगा।
उदयपुर, संवाद सूत्र। Udaipur Municipal Corporation Election: विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं उदयपुर विधायक गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि उदयपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा का मिशन 60 कामयाब होगा। उनका दावा है कि इस बार भाजपा यहां साठ से अधिक वार्डों पर जीत दर्ज करेगी। महापौर के लिए अभी से चर्चा में बने गोविंद सिंह टांक को लेकर कटारिया का कहना था कि उनका अनुभव शहर को मिलेगा। हालांकि महापौर चुने जाने की प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से ही होगी। इस तरह कटारिया ने टांक के महापौर बनाए जाने को लेकर संकेत दे दिए हैं।
कटारिया बुधवार सुबह पत्रकारों से बात कर रहे थे। महापौर को लेकर चर्चा में बने पार्षद प्रत्याशी गोविंद सिंह टांक को लेकर कटारिया ने कहा कि वह सार्वजनिक निर्माण विभाग में मुख्य अभियंता रह चुके हैं। इसके बाद आरपीएससी में चेयरमैन रहे। उनके विशाल अनुभव का लाभ शहर को मिलना चाहिए। हालांकि महापौर पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से चुना जाएगा।
पिछली बार हुए निकाय चुनाव के नामांकन भरे जाने के बाद कटारिया ने इसी तरह मीडिया से हुई बातचीत में मौजूदा महापौर चंद्रसिंह कोठारी को प्रोजेक्ट किया और बाद में उन्हें ही महापौर बनाया गया। इस बार जीएस टांक को लेकर कटारिया का कहना है कि भले ही टांक 75 पार हैं लेकिन उनके अनुभव का लाभ शहर को मिलना चाहिए। इसीलिए उन्हें आगे लाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का मिशन फिलहाल साठ से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करना है। इसके लिए सभी भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुट चुके हैं। भाजपा ने सभी समाज, वर्ग और जातियों को प्रतिनिधित्व दिया है। साथ ही अनुभवी और युवाओं को भी टिकट दिए हैं। हालांकि इसके लिए पार्टी ने तय लाइन से बाहर जाकर काम किया, लेकिन जनहित में यह कदम उठाए। पत्रकार वार्ता में उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, महापौर चंद्रसिंह कोठारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र श्रीमाली भी शामिल थे।