क्रिसमस के कार्यक्रम के दौरान कैंसर अस्पताल में गैस रिसाव
जयपुर के भगवान महावीर कैंसर अस्पताल में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया।
जयपुर, ब्यूरो। जयपुर के भगवान महावीर कैंसर अस्पताल में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां कैंसर पीड़ित बच्चों के क्रिसमस के कार्यक्रम के दौरान कुछ दूरी पर स्थित लॉण्ड्री में स्टीम पाइप फटने से गैस का रिसाव हो गया। करीब एक घंटे बाद स्थिति सामान्य हो पाई।
अस्पताल में मंगलवार को कैंसर पीड़ित बच्चों के लिए क्रिसमस का कार्यक्रम चल रहा था। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पत्नी सुनीता गहलोत मुख्य अतिथि थीं। इसी दौरान अस्पताल के पीछे की तरफ स्थित लॉण्ड्री से धुआं उठने लगा और आग लगने की अफवाह फैल गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी जगदीश प्रसाद फुलवारी ने बताया कि दोपहर करीब पौने 12 बजे महावीर कैंसर हॉस्पिटल के बेसमेंट में आग लगने की सूचना मिली थी। पता चला कि हॉस्पिटल की लॉण्ड्री में तीन-चार कर्मचारी कपड़े धो रहे थे। यहां भाप को स्टोरेज कर कपड़े सुखाए जाते हैं।
बताया जा रहा है कि इसी स्टीम मशीन में एक गद्दा अटक गया। इससे स्टीम पाइप लीकेज हो गया और गैस तेजी से बाहर निकली। यह देखकर कर्मचारी वहां से भाग निकले। यह गैस अस्पताल परिसर में फैल गई। मरीज व उनके परिजन में हड़कंप मच गया।
फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और हालात संभाले। दमकलकर्मियों ने बेसमेंट में बने गोदाम की खिड़कियों पर लगे शीशे तोड़ कर तीन पंखे लगाकर बेसमेंट में भरी गैस को बाहर निकाला। करीब एक घंटे बाद दमकलकर्मियों ने हालात पर काबू पा लिया।
फुलवारी ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है। गैस लीकेज की स्थिति से निपटने के लिए वे तैयार नहीं थे। कर्मचारियों ने अग्निशमन उपकरणों का प्रयोग नहीं किया।