विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'संपत्ति हड़पने के इरादे से की गई बेटे की हत्या', राजस्थान में कांग्रेस के पूर्व सांसद ने पोते के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

Published: Tue, 13 Oct 2026 05:00 AM (IST)

राजस्थान के पूर्व कांग्रेस सांसद रतन सिंह ने जयपुर में अपनी पुत्रवधू और पोते पर बेटे राजेंद्र की हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है।

HighLights

  1. पूर्व सांसद ने पुत्रवधू, पोते पर हत्या का आरोप लगाया।

  2. संपत्ति हड़पने, अनुकंपा नियुक्ति मुख्य मकसद बताया।

  3. राजेंद्र के होंठ नीले पड़े थे, सीसीटीवी तोड़े गए।

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस के पूर्व सांसद रतन सिंह ने जयपुर के जवाहर सर्किल पुलिस थाने में अपनी पुत्रवधू और पोते के खिलाफ अपने पुत्र की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।

रतन सिंह के अनुसार, 11 सितंबर को जब राजेंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई, तब उसकी पत्नी नीतू और बेटा सौरव घर पर साथ मौजूद थे। पूर्व सांसद का दावा है कि राजेंद्र के होंठ नीले पड़े हुए थे। गौरतलब है कि राजेंद्र सार्वजनिक निर्माण विभाग में अधीक्षण अभियंता पद पर कार्यरत थे। रतन सिंह ने आरोप लगाया कि सौरव ने अनुकंपा नियुक्ति और नीतू ने संपत्ति हड़पने के इरादे से राजेंद्र को जहरीला पदार्थ पिलाकर मारा।

2005 में हुई थी शादी

रिपोर्ट में बताया गया कि राजेंद्र और नीतू की शादी 11 मई 2005 को हुई थी। दोनों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। राजेंद्र ने विवाह विच्छेद के लिए पारिवारिक न्यायालय में साल 2019 में मुकदमा दर्ज किया था।

पैसों को लेकर होता था विवाद

करीब सात वर्ष तक अलग रहने के बाद मई 2026 से नीतू और सौरव ने राजेंद्र से समझौता किया और फिर जयपुर स्थित घर में साथ रहने लगे थे। पिछले दो महीने से पैसों को लेकर राजेंद्र से नीतू और सौरव का विवाद होता था।

चार और पांच सितंबर को दोनों आरोपितों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए थे। रतन सिंह ने आरोपितों के खिलाफ राजेंद्र की हत्या, साक्ष्य नष्ट करने और धमकी देने के आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।

यह भी पढ़ें: राजस्थान: भरतपुर में पूर्व MLA अतर सिंह भड़ाना की हत्या, स्टोन क्रशर विवाद में ग्रामीणों ने किया जानलेवा हमला