राजस्थान में शुद्ध के लिए युद्ध अभियान : पकड़ा गया 3.24 क्विंटल मिलावटी मावा किया नष्ट
मुख्य चिकित्सा एवं अधिकारी ने बताया- शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत मसाले मिलावटी के संदेह के चलते जप्त किये। त्योहारी माहौल के मद्देनजर मिलावट खोरी पर लगाम कसने के उद्देश्य से राजस्थान में 26 अक्टूबर से 14 नवंबर तक शुद्ध के लिए युद्ध अभियान चलाया जा रहा है
जोधपुर, जागरण संवाददाता। त्योहारी माहौल के मद्देनजर मिलावट खोरी पर लगाम कसने के उद्देश्य से राजस्थान में 26 अक्टूबर से 14 नवंबर तक शुद्ध के लिए युद्ध अभियान चलाया जा रहा है, इसी कड़ी में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जोधपुर में 3.24 क्विंटल मिलावटी मावा पकड़ा गया जिसे की विभागीय कार्रवाई के तहत नष्ट किया गया। इसके अलावा कार्रवाई करते हुए 42.95 क्विंटल मसाले मिलावटी के संदेह के चलते जप्त किये गए।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशानुसार शुद्ध के लिए युद्ब अभियान के तहत स्थानीय प्रशासन के समन्वय से स्वास्थ्य विभाग की खाद्य टीमों द्वारा निरन्तर मिलावटी खाद्य पदार्थो के उत्पादन व विक्रेताओं के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं अधिकारी डॉ. बलवंत मण्डा ने बताया "शुद्ध के लिए युद्ध" अभियान के तहत शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में मिलावटखोरों के खिलाफ धरपकड़ की जारी है।
जोधपुर ग्रामीण के बाप उपखण्ड अधिकारी महावीर सिंह राठौड़ के समन्वय से स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश शर्मा व रेवंतसिंह की टीम द्वारा सारणपुर गांव के शिव मावा भंडार पर दबिश देकर 324 किलो मिलावटी मावा जप्त कर नष्ट करवाया गया।
डॉ. मंडा ने बताया कि साथ ही खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा साथ ही, बाप के अलग-अलग प्रतिष्ठानो से मावा, चमचम, घी व शर्बत के सैम्पल लेकर उनकी जांच हेतु नमूने संभागीय प्रयोगशाला में भिजवाए गए है। खाद्य सुुरक्षा अधिनियम के मापदंडों के तहत जांचा जाएगा, अगर मिलावटी पदार्थ पाए जाएंगे तो नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
42.95 क्विंटल मसाले किये जप्त
मुख्य चिकित्सा एवं अधिकारी डॉ. बलवंत मण्डा ने बताया "शुद्ध के लिए युद्ध" अभियान के तहत 42.95 क्विंटल मसाले मिलावटी के संदेह के चलते जप्त किये। डॉ. मंडा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश शर्मा व रेवंतसिंह की टीम द्वारा फलौदी के आद्योगिक क्षेत्र के बालाजी उद्योग पर कार्यवाही करते हुए मिलावट के संदेह से 1305 किलो धनिया, 2190 किलो व 800 किलो हल्दी पाउडर आदि सहित 42.95 क्विंटल मसाले को जप्त किया गया। जप्त किये गए मसाले पदार्थो के सैम्पल लेकर उनकी जांच हेतु नमूने संभागीय प्रयोगशाला में भिजवाए गए है।