Jodhpur Weather Update: जोधपुर में कोहरे से जनजीवन प्रभावित, सूर्यदेव की बादलों में लुकाछिपी
Jodhpur Weather Update मारवाड़ में पांच दिनों से सुबह व दोपहर तक घना कोहरा छाने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बुधवार को कुछ कोहरा छंटा मगर हवा की गति बढ़ने से सर्दी ने ठिठुरन को बढ़ा दिया है।
जोधपुर, संवाद सूत्र। Jodhpur Weather Update: देश के उत्तरी इलाकों सहित राजस्थान में हो रही बारिश ने ठंड में इजाफा कर दिया है। मारवाड़ में भी इसका असर तेजी पर है और सर्दी पूरी तरह चमक उठी है। मारवाड़ में पांच दिनों से सुबह व दोपहर तक घना कोहरा छाने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बुधवार को कुछ कोहरा छंटा, मगर हवा की गति बढ़ने से सर्दी ने ठिठुरन को बढ़ा दिया है। अलसुबह पेड़ पौधों पर ओस जमने लगी है। शीत ऋतु जनवरी में मानो कहर ढा रही है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में मंगलवार को मावठ बरसने के बाद पूरे प्रदेश में सर्दी की रंगत बढ़ सी गई है। आसमां मेें भी हल्के बादल छाए हुए है। जोधपुर शहर और इसके आस पास ग्रामीण इलाकों में सर्दी का असर आज तेज देखा गया।
घने कोहरे के बीच सुबह लोगों की नींद टूटी। दोपहर तक कुछ कोहरा छंटता नजर आया। वहीं, रात दस बजे बाद फिर सड़कों पर रोशनी में कोहरा नजर आने लगता है। मौसम विभाग ने आगामी तीन चार दिनों तक इसी तरह मौसम बने रहने की चेतावनी जारी कर रखी है। कोहरे और ठंड के कारण जोधपुर शहर का पारा गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। सवेरे जोधपुर का पारा 7.7 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह के समय काम पर जाने वाले लोग ही सड़कों पर दिखाई दिए। अधिकांश लोग घरों में ही दुबके रहे। लोग ठंड भगाने के लिए अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए। जोधपुर के साथ ही संभाग के जैसलमेर व पाली में भी तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। सुबह बाड़मेर में 10.6, पाली में 8.6 व जैसलमेर में 7.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी कोहरे की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे की वजह से हादसों में भी इजाफा हुआ है।