विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जज के भय से कुकर्म पीड़ित किशोर के परिवार ने छोड़ा घर, मां ने पीएम को पत्र लिखकर मांगी सुरक्षा

By Priti JhaEdited By:
Published: Tue, 02 Nov 2021 02:15 PM (IST)

किशोर की मां ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सुरक्षा मांगी है। पत्र में पुलिस अधिकारी पर धमकाने का आरोप लगाया ...और पढ़ें

जज के भय से कुकर्म पीड़ित किशोर के परिवार ने छोड़ा घर,
जज के भय से कुकर्म पीड़ित किशोर के परिवार ने छोड़ा घर,

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के भरतपुर में 14 साल के किशोर के साथ कुकर्म करने वाले भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट (एसीबी) के विशेष न्यायाधीश जितेंद्र गुलिया और उसकी कोर्ट के दो क्लर्क अंशुल और राहुल के भय से पीड़ित परिवार ने घर छोड़ दिया है। किशोर और उसकी मां भरतपुर से आगरा चले गए। पुलिस उप अधीक्षक सतीश वर्मा किशोर के बयान लेने के लिए पहुंचे तो घर पर कोई नहीं मिला। किशोर की मां के मोबाइल फोन की लोकेशन तलाशी गई तो पता चला कि वह आगरा चले गए हैं। अब भरतपुर पुलिस की टीम उन्हें तलाशने के लिए आगरा गई है।

इसी बीच किशोर की मां ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर सुरक्षा मांगी है। पत्र में शहर के मथुरा गेट पुलिस थाना अधिकारी रामनाथ पर धमकाने का आरोप लगाया है। किशोर की मां ने कहा कि न्यायाधीश के साथ समझौता करने को लेकर दबाव बनाने वाले एसीबी के उप अधीक्षक परमेश्वर लाल का नाम एफआईआर में दर्ज नहीं किया गया। जबकि मैंने गुलिया, अंशुल और राहुल के साथ परमेश्वर लाल का नाम भी लिखा था।

उधर मामला सामने आने के बाद हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (विजिलेंस) प्रवीण भटनागर भरतपुर पहुंचे। उन्होंने जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता और पुलिस अधीक्षक देवेंद्र बिश्नोई से मिलकर पूरे मामले की जानकारी ली। इसी बीच न्यायाधीश गुलिया सोमवार को भरतपुर से जयपुर पहुंच गए। जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुलिया से पूछताछ के लिए पुलिसकर्मी भेजे गए हैं। बिश्नोई ने बताया कि पीड़ित के घर 5 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

यह है मामला

14 साल का किशोर शहर के डिस्ट्रिक्ट क्लब में टेनिस खेलने जाता था। वहीं गुलिया भी टेनिस खेलते थे। उन्होंने बच्चे से जान-पहचान बढ़ाई और फिर एक दिन अपने घर ले गए। वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर किशोर के साथ कुकर्म किया। उन्होंने किशोर का अश्लील वीडियो भी बना लिया। बाद में किसी को बताने पर मां व भाई के साथ ही इसी तरह का गंदा काम करने की धमकी दी। 28 अक्टूबर को गुलिया किशोर को घर छोड़ने अपनी कार में आए। कार से उतरते समय उन्होंने बच्चे के साथ अश्लील हरकत की। घर की बालकनी में खड़ी मां ने यह देख लिया। मां ने पूछताछ की तो किशोर ने पूरे प्रकरण की जानकारी दी।

रविवार को मथुरा गेट पुलिस थाने पहुंची मां ने गुलिया, अंशुल व राहुल के खिलाफ मामला दर्ज कराया। अंशुल व राहुल ने भी किशोर के साथ कुकर्म किया था। किशोर ने पुलिस को बताया कि गुलिया उसे जबरन शराब पिला कर गलत काम करते थे। पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद अंशुल और राहुल किशोर के घर धमकी देने पहुंचे। वहीं परमेश्वर लाल ने भी समझौते के लिए दबाव बनाया। पुलिस पॉक्सो एक्ट के तहत मामले की जांच कर रही है।