राजस्थान के श्रीगंगानगर में दो बेटियों को गोली मार पिता ने की आत्महत्या
Murder in Rajasthan. दो बेटियों को गोली मारने के बाद एक व्यक्ति ने खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना राजस्थान की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जयपुर, जेएनएन। राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक पिता ने दो बेटियों को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, श्रीगंगानगर के सादुलशहर के अलीपुरा गांव में यह घटना रविवार सुबह सामने आई। यहां रहने वाले हनुमान की चार बेटियां और एक बेटा है। रविवार सुबह हनुमान ने दो बड़ी बेटियों अमनदीप और रमनदीप को गोली मार दी। दोनों सो रही थी, उसी समय हनुमान ने उन्हें मार दिया। इसके बाद हनुमान ने इसी रिवाल्वर से खुद को भी गोली मार ली। मृतक के पास कमरें में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के अनुसार, मृतक ड्राइवरी करता था। प्रारंभिक जांच के अनुसार आर्थिक तंगी से परेशान था। मारी गई दोनो बेटियां बीएड की तैयारी कर रही थी। इनकी शादी की चिंता उसे काफी दिन से सता रही थी। हनुमान देर रात एक शादी से घर लौटा था और अलसुबह ही उसने इस घटना को अंजाम दे दिया। घटनास्थल से मिली रिवाॅल्वर बिना लाइसेंस की है। मामले को लेकर परिजनों के साथ आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
राजस्थान के अलवर में पति ने पत्नी को मारी गोली
राजस्थान के अलवर के सेमला गांव में शनिवार को एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला के मायके पक्ष ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से मृतका का पति फरार है। मृतका तीन दिन पहले ही ससुराल आई थी।
पुलिस के अनुसार, सेमला गांव में शनिवार को सुबह करीब चार बजे रिजवाना नामक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला के मायके पक्ष और स्थानीय लोगों का आरोप है कि रिजवाना को गोली उसके पति मुनसेद ने मारी है। परिजनों के मुताबिक रिजवाना के साथ पूर्व में कई बार मारपीट की गई थी। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतका का पति मुनसेद फरार है।