Rajasthan: चंबल की बाढ़ बनी परेशानी का कारण, घरों में घुसे मगरमच्छ
flood in Chambal. चंबल नदी में मगरमच्छ काफी संख्या में हैं और चूंकि नदी का जलस्तर अच्छा है इसलिए ये मगरमच्छ आबादी वाले इलाकों में घुस रहे हैं।
राज्य ब्यूरो, जयपुर। flood in Chambal,. राजस्थान के कोटा में इस बार चंबल नदी की बाढ़ यहां के निवासियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। चंबल के मगरमच्छ आजकल यहां घरों में घुस रहे हैं। शनिवार को शहर के मानपुरा इलाके में एक शादी की तैयारी वाले घर में तीन फुट का मगरमच्छ घुस आया, वहीं रविवार को सुबह जगपुरा इलाके के एक घर के दरवाजे में कोबरा सांप फंसा नजर आया।
राजस्थान के कोटा में इस बार बहुत अच्छी बारिश हुई है और इसके चलते कोटा बैराज से दो बार पानी छोड़ा गया। इसके चलते चंबल भी उफान पर रही। चंबल नदी में मगरमच्छ काफी संख्या में हैं और चूंकि नदी का जलस्तर अच्छा है, इसलिए ये मगरमच्छ आबादी वाले इलाकों में घुस रहे हैं। यहां का वन विभाग अब तक 65 मगरमच्छ पकड़ चुका है।
शनिवार को यहां मानपुरा इलाके में पुलिस निरीक्षक भंवर सिंह हाडा के परिवार में शादी की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान तीन फुट का एक मगरमच्छ वहां आ गया। इसे देखकर लोगों में अफरातफरी मच गई। बाद में वन विभाग के कर्मचारियों को बुला कर इसे पकड़ा गया और मुकंदरा टाइगर रिजर्व के सावन भादो बांध में छोड़ा गया।
वहीं, रविवार को जगपुरा क्षेत्र के शांतिनगर में रहने वाले प्रेम ओड के मकान में कोबरा देखा गया। यह दरवाजे के नीचे से घुसने की कोशिश कर रहा था। मोटा होने के कारण यह पूरा नहीं निकल पाया और दरवाजे में फंस कर रह गया। प्रेम ओड उठ कर बाहर जाने लगे तो दरवाजा खुला नहीं। उन्होंने नीचे देखा तो सांप फंसा देख कर उनके होश उड़ गए। वो वापस बिस्तर में दुबक गए। परिजनों ने वन विभाग को इस घटना की सूचना दी। वहां से सांप पकड़ने वाले को भेजा गया, लेकिन वह भी इसे नहीं निकाल पाया। बाद में दरवाजा किसी तरह ऊपर कर इसे पकड़ा गया।