Rajasthan: कांग्रेस विधायक अपनी ही सरकार के मंत्री के खिलाफ करेंगे प्रदर्शन
Rajasthan राजस्थान के खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे कांग्रेस विधायक भरत सिंह ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर कहा कि यदि प्रमोद जैन को मंत्रिमंडल से नहीं हटाया गया तो पार्टी को नुकसान होगा।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान में कांग्रेस के विधायक भरत सिंह अपनी ही पार्टी की सरकार के खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। भरत सिंह अपने समर्थकों के साथ एक नवंबर को कोटा में पैदल रैली निकाल कर प्रदर्शन करेंगे। पिछले दो साल से खनन मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे भरत सिंह ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर कहा कि यदि प्रमोद जैन को मंत्रिमंडल से नहीं हटाया गया तो पार्टी को नुकसान होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रमोद जैन ने अपने रिश्तेदारों के नाम से अवैध खान पट्टे और जमीनों का आवंटन करा रखा है। खान विभाग में जमकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने बजट में कोटा संभाग की सोरसन सेंचूरी में गोडावण प्रजनन केंद्र स्थापित करने की घोषणा की थी, लेकिन प्रमोद जैन इसको स्थापित करने में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। खनन मंत्री ने अपने रिश्तेदारों के नाम से सोरसन सेंचुरी के आसपास बेनामी संपत्ति खरीद रखी है। इस कारण बजट घोषणा पर अमल नहीं होने दे रहे हैं। भरत सिंह ने कहा कि यदि उनके आरोप बेबुनियाद साबित हो तो वह मानहानि का मुकदमा झेलने को तैयार हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले राजस्थान में कांग्रेस विधायक भरत सिंह ने कोटा के अतिरिक्त जिला कलेक्टर आरडी मीणा को हटाने की मांग को लेकर मोर्चा खोला था। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मीणा को हटाने की मांग करते हुए कहा कि यदि उन्हें नहीं हटाया गया तो कांग्रेसी कलेक्टर कार्यालय पर धरना देंगे। मीणा का पुतला जलाया जाएगा। सांगोद सीट से विधायक भरत सिंह का कहना है कि मीणा अतिरिक्त जिला कलेक्टर की कुर्सी पर बैठने लायक नहीं है। मीणा ने अपने बेटे के नाम दो माह में हथियार का लाइसेंस बनवा लिया, लेकिन आम आदमी के हथियार का लाइसेंस सालों तक नहीं बनता है। मीणा इस काम में भ्रष्टाचार करते हैं। उन्होंने कहा कि मीणा से हथियार के लाइसेंस देने का काम वापस ले लिया जाए। वह आम आदमी का लाइसेंस लंबे समय तक नहीं बनाते और उनके कार्यालय में भ्रष्टाचार व्याप्त है। भरत सिंह ने इससे पहले भी सीएम को पत्र लिखकर मीणा को हटाने की मांग की थी।