सीएम भजनलाल शर्मा से मिले भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, ‘विकसित भारत-2047’ में युवा भागीदारी पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान 'विकसित भारत-2047' के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा हुई।

HighLights
सीएम शर्मा ने भाजयुमो पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की।
विकसित भारत 2047 में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
डिजिटल डेस्क, जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री शर्मा ने भाजयुमो के पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों एवं युवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया है, उसे साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवा अपनी ऊर्जा, सामर्थ्य, नवाचार और सकारात्मक सोच के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के पदाधिकारी युवाओं से संवाद कर उन्हें राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करें। जिससे विकसित भारत का संकल्प साकार हो सके।
इस दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि युवा मोर्चा के पदाधिकारी संगठन की गतिविधियों के माध्यम से युवाओं के साथ निरंतर संवाद और संपर्क बनाए रखें। युवाओं की आकांक्षाओं, आवश्यकताओं और समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी ही नहीं, बल्कि विकास की प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाना भी आवश्यक है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, रोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। युवा मोर्चा के पदाधिकारी सरकार की विकासपरक पहलों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं। पात्र युवाओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित करें तथा उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और नीतियों का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को पूर्ण सक्रियता, समर्पण और संगठनात्मक अनुशासन के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई गति प्रदान करता है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और सक्रिय जनसंपर्क के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।
मुख्यमंत्री के साथ इस मुलाकात में भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद हेमांग जोशी, प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा, सहकोषाध्यक्ष देवव्रत सिंह चन्दलाई सहित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यगण, सहकोषाध्यक्ष, प्रदेश संयोजक, प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।