'राजस्थान में खत्म की लव जिहाद की समस्या', मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बड़ा दावा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने जयपुर सहित पूरे राजस्थान में लव जिहाद की समस्या खत्म कर दी है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लव जिहाद खत्म होने का दावा किया
HighLights
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लव जिहाद खत्म होने का दावा किया
भाजपा सरकार ने डिस्टर्ब एरिया विधेयक विधानसभा में पेश किया
जयपुर के दो नगर निगमों को वापस एक किया गया
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जयपुर में रोड़ शो के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जयपुर सहित पूरे प्रदेश में लव जिहाद की समस्या खत्म कर दी है।
उन्होंने कहा कि पिछली अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल में कई तरह की घटनाएं होती थी, जयपुर की चारदीवारी से लोगों को जबरन बाहर भेज दिया जाता था। भाजपा सरकार ने डिस्टर्ब एरिया विधेयक विधानसभा में पेश किया है। अब लोगों को डरने की जरूरत नहीं है।
CM भजनलाल का लव जिहाद खत्म करने का दावा
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तुष्टिकरण के आधार पर जयपुर में दो नगर निगम बनाए थे, हमनें वापस एक कर दिए। लव जिहाद की घटना होती थी, लेकिन अब इन पर रोक लगी है। पेपर लीक की घटनाओं पर भी रोक लगी है।
दरअसल, मुख्यमंत्री दूसरे चरण के निकाय चुनाव के प्रचार अभियान के अंतिम दिन प्रचार कर रहे थे। दूसरे चरण में जयपुर नगर निगम सहित सहित कई निकायों के लिए शुक्रवार को मतदान होगा।
309 स्थानीय निकायों के चुनाव में बुधवार को पहले चरण में 162 नगरीय निकायों के 5,392 वार्ड पार्षदों के लिए मतदान सम्पन्न हुआ। पहले चरण में करीब 73 फीसदी मतदान हुआ है।
अलवर में मिठाई के डिब्बों में नोट
अलवर के वार्ड संख्या 42 मंगलवार देर शाम एक कार में मिठाई के डिब्बों में 500-500 के नोट रखे हुए मिले हैं। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने डिब्बे जब्त कर लिए। फिलहाल यह सामने नहीं आ सका कि डिब्बे किस प्रत्याशी की ओर से बांटे जा रहे थे।
वहीं, अजमेर में एक वार्ड में भाजपा प्रत्याशी ने ऊंटों पर रोड़ शो किया। निर्वाचन आयोग ने रोड़ शो में ऊंट के उपयोग पर रोक लगा रखी है। कांग्रेस ने इस मामले की शिकायत निर्वाचन आयोग में की है।
