मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हिन्दू और हिन्दुत्व को लेकर भाजपा पर निशाना साधा, कहा-मर्म समझने की जरूरत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हिन्दू और हिन्दुत्व को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर बंटवारा करने की कोशिश करने वालों की पोल खुलती जा रही है। राहुल गांधी ने हिन्दू और हिन्दुत्व की बहस छेड़ी हैउसका मर्म समझने की जरूरत है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हिन्दू और हिन्दुत्व को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर बंटवारा करने की कोशिश करने वालों की पोल खुलती जा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हिन्दू और हिन्दुत्व की बहस छेड़ी है,उसका मर्म समझने की जरूरत है। उनका मर्म यही था कि एक तरफ हिन्दू है जिसके महान संस्कार,संस्कृति और परम्पाराएं सदियों से हैं। जिसके भाव प्रेम,भाईचारे और मोहब्बत का है। हिन्दुत्व के नाम पर जो ताकतें राजनीति कर रही है,उनका हिन्दू बनना ही नकली है।
गहलोत ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि जिस तरह से हरिद्वार और रायपुर मे साधु-संतों ने जो भाषा काम में ली है,वह शर्मनाक है। साधु-सतों का हम सब सम्मान करते हैं,उनका भगवा वस्त्र अपने आम में त्याग और संस्कार का संदेश देता है। उन साधु-संतों ने जो गलत भाषा बोली है,वो शर्मनाक और निंदनीय है। देश बड़े अजीब दौर से गुजर रहा है।
जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने आए गहलोत ने कहा कि कांग्रेस का त्याग,कुर्बानी और बलिदान कोई भूल नहीं सकता,चाहे कितनी ताकतें जोर लगा लें,कांग्रेस मुक्त भारत की बात कर लें,ऐसी बात करने वाले खुद ही मुक्त हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में संविधान खतरे में है। सैंवधानिक संस्थाएं बर्बाद हो रही है।