राजस्थान: महिला मैनेजर की सूझबूझ से नाकाम हुई ATM लूट, अलर्ट मिलने पर शटर गिराकर बदमाशों को घेरा; 2 गिरफ्तार
राजस्थान के नागौर में यूको बैंक की महिला ब्रांच मैनेजर ने साहस दिखाते हुए एटीएम लूट की बड़ी साजिश नाकाम कर दी।
HighLights
महिला बैंक मैनेजर ने नागौर में एटीएम लूट की कोशिश नाकाम की।
शटर बंद कर दो बदमाशों को एटीएम के अंदर फंसाया।
16 लाख रुपये से अधिक की नकदी सुरक्षित बची, दो गिरफ्तार।
डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के नागौर जिले में यूको बैंक की महिला ब्रांच मैनेजर ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एटीएम लूटने की एक बड़ी साजिश नाकाम कर दी।
देर रात गैस कटर लेकर एटीएम में घुसे दो शातिर बदमाशों को महिला मैनेजर ने बाहर से शटर लॉक करके अंदर ही कैद कर दिया। उनके त्वरित एक्शन की बदौलत एटीएम में रखे 16 लाख रुपये से ज्यादा की नकदी सुरक्षित बच गई और दोनों आरोपी रंगे हाथों पकड़े गए।
आधी रात को आया ई-सर्विलांस अलर्ट
यह वारदात रविवार देर रात करीब दो बजे मारवाड़ मूंडवा थाना क्षेत्र के नागौर रोड स्थित यूको बैंक एटीएम की है। सोमवार से बैंकों की संभावित तीन दिवसीय हड़ताल को देखते हुए एटीएम में 16 लाख 900 रुपये का पर्याप्त कैश भरा गया था।
देर रात करीब 2:04 बजे बैंक के अजमेर स्थित सुरक्षा अधिकारी को ई-सर्विलांस सिस्टम से संदिग्ध गतिविधि का अलर्ट मिला, जिसकी जानकारी उन्होंने फौरन स्थानीय ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी को दी।
बिना डरे पति के साथ मौके पर पहुंचीं मैनेजर
सूचना मिलते ही बैंक परिसर के ऊपर बने क्वार्टर में रहने वाली सारिका चौधरी अपने पति के साथ तुरंत नीचे एटीएम बूथ की तरफ दौड़ीं। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि शटर आंशिक रूप से नीचे गिरा हुआ था और अंदर कुछ लोग मौजूद थे।
बिना घबराए सारिका ने तत्काल शटर को पूरा नीचे खींचकर बाहर से ताला जड़ दिया और रात 2:13 बजे पुलिस को फोन घुमा दिया।
गैस कटर से कैश डोर काटने की फिराक में थे बदमाश
बदमाश पूरी तैयारी के साथ लूट को अंजाम देने आए थे। उन्होंने पहचान छुपाने के लिए कैमरों पर ग्रीस पोत दी थी और कनेक्शन की तारें भी काट दी थीं। वे एटीएम का ऊपरी ढांचा तोड़ चुके थे और बैग से गैस कटर निकालकर कैश बॉक्स काटने ही वाले थे कि बाहर से शटर बंद हो गया।
सूचना मिलने के महज आठ मिनट के भीतर पुलिस दल मौके पर पहुंच गया और शटर खोलकर दोनों को धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान स्थानीय ढाबा संचालक भरत प्रजापत और उसके यहां काम करने वाले बिहार निवासी कोमल कुमार के रूप में हुई है।
आरोपी वारदात के लिए जिस बाइक से पहुंचे थे, उसके मालिक को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया है। महिला शाखा प्रबंधक की इस सूझबूझ और जांबाजी की पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- राजस्थान:जयपुर में महिला से छेड़छाड़ के आरोप में दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, अपने ही थाने के लॉकअप में बंद
यह भी पढ़ें- बच्चों के यौन शोषण सामग्री पर बड़ी कार्रवाई: 15326 मोबाइल नंबर और 7800 URL ब्लॉक, राजस्थान के 7 जिलों में FIR
