कांग्रेस पर जमकर बरसे जेपी नड्डा, बोले- 'परिवारवाद ने पार्टी को खत्म कर दिया, देश से हो चुकी है अस्त'
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने जयपुर में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं को नसीहत देते हुए कह कि नेताओं को अपने पोलिंग बूथ की जानकारी होनी चाहिए। कई नेताओं को अपने बूथ की जानकारी नहीं होती।
जयपुर, जागरण संवाददाता। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस देश से अस्त हो चुकी है। कांग्रेस को परिवारवाद ने खत्म कर दिया है। नड्डा ने जयपुर के ईपी हाल में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र को संबोधित किया। इसमें पार्टी ने तय किया कि जन आक्रोश अभियान की तर्ज पर अब जिला स्तर पर राज्य की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ 15 फरवरी से 15 मार्च तक प्रदर्शन और सभा की जाएंगी।
BJP ने लिया गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प
बैठक में नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए अभियान चलाने, फोटो युक्त पोलिंग बूथ स्तर की समितियां बनाने और कमजोर पोलिंग बूथों को सशक्त करने की रणनीति बनाई गई। इस दौरान उनकी मौजूदगी में पार्टी ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकने और पूर्ण बहुमत से सरकार बनने का संकल्प लिया है।
'मांगने से कुछ भी नहीं मिलता, काबलियत से मिलता है'
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में हालात इतने बिगड़ गए हैं कि नवंबर से पहले भी चुनाव हो सकते हैं। नड्डा ने नेताओं से घरातल पर रहकर आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया। नड्डा ने नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि मांगने से कुछ भी नहीं मिलता, काबलियत से मिलता है। पद की चिंता मत करो, पद पार्टी अपने आप देगी। टिकट की चिंता मत करो, काम करो, पार्टी अपने आप टिकट देने आएगी। जनता के नेता बनो।
नेताओं को अपने पोलिंग बूथ की जानकारी होनी चाहिए- नड्डा
नड्डा ने आगे कहा कि नेताओं को अपने पोलिंग बूथ की जानकारी होनी चाहिए। कई नेताओं को अपने बूथ की जानकारी नहीं होती और ऊपर की जानकारी रखते हैं। ऊपर की तरफ नहीं, नीचे की तरफ देखो। नीचे की तरफ रहोगे तो नेता बनोगे, पोलिंग बूथ मजबूत होने चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए काम करना चाहिए।
गहलोत सरकार के खिलाफ एकजुट होने की अपील की
गहलोत सरकार के खिलाफ सबको एकजुट होकर आंदोलन करने की नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी सर्वोपरी है। मैं आज राष्ट्रीय अध्यक्ष हूं, कल नहीं रहूं तो भी कार्यकर्ता बनकर काम करता रहूंगा। पन्ना प्रमुख सशक्त बनाने के साथ ही घर-घर जाकर लोगों से मिलो। लोगों की 60 प्रतिशत बात सुनो,40 प्रतिशत अपनी कहो।
जयपुर में होगा नड्डा के पुत्र का विवाह
नड्डा के पुत्र हरीश का विवाह 25 जनवरी को जयपुर के जयमहल पैलेसे होटल में होगा। प्रमुख होटल समूह के मालिक रमाकांत शर्मा की पुत्री रिद्धि के साथ हरीश का विवाह हो रहा है। 24 और 25 तारीख को विवाह समारोह की अलग- अलग रस्में होंगी। जानकारी के अनुसार, नड्डा 26 जनवरी को जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
MP: राजनाथ सिंह का राहुल गांधी पर निशाना, बोले- Bharat Jodo Yatra से देश को बदनाम कर रही कांग्रेस