Rajasthan: भाजपा विधायक मदन दिलावर का आरोप, वोट लेने के लिए आरोपितों को बचा रही है गहलोत सरकार
Rajasthan भाजपा विधायक मदन दिलावर ने अशोक गहलोत सरकार पर एक समुदाय विशेष के अपराधियों को बचाने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक मामले की जांच करने वाले पुलिस उप अधीक्षक मंजीत सिंह को अतिरिक्त संसाधन नहीं दिए जा रहे हैं।
जयपुर, जागरण संवाददाता। Rajasthan: राजस्थान में हाड़ौती के सुकेत दुष्कर्म मामले में भाजपा विधायक मदन दिलावर ने प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार पर एक समुदाय विशेष के अपराधियों को बचाने का आरोप लगाया है। दिलावर ने सोशल मीडिया पर दो मिनट का वीडियो जारी कर कहा कि मामले की जांच करने वाले पुलिस उप अधीक्षक मंजीत सिंह को अतिरिक्त संसाधन नहीं दिए जा रहे हैं। सरकार उसे सहयोग नहीं कर रही। चार विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस के वोट कट सकते हैं, इस कारण मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। एक समुदाय के वोट लेने के लिए सभी आरोपितों को पकड़ा नहीं जा रहा। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि यदि आरोपितों को पकड़ा भी जाता है तो ऐसी धाराएं लगाईं, जिससे वे आसानी से छूट जाएं।
सभी आरोपित एक समुदाय विशेष के होने के कारण सरकार उन्हें बचाने का कोई प्रयास नहीं छोड़ रही। इस मामले को लेकर पिछले दिनों बजट सत्र के दौरान विधानसभा में भी हंगामा हो चुका है। उल्लेखनीय है कि छह मार्च को सुकेत कस्बे की एक 15 साल की पीड़िता ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 फरवरी को उसे एक महिला और उसका एक साथी स्कूल बैग दिलाने का बहाना बहनाकर झालावाड़ ले गए थे। वहां उन्होंने चार लोगों के हवाले कर दिया। उन चारों ने उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद अन्य लोगों के हवाले कर दिया। नौ दिन तक कुल मिलाकर 30 लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। सभी उसे अलग-अलग जगह ले गए, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। काफी कोशिश के बाद वह उनके कब्जे से निकल कर घर पहुंची तो अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। मां और बेटी ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई तो पुलिस ने अब तक 24 लोगों को गिरफ्तार किया है, शेष फरार हैं। मामला बढ़ा तो पुलिस अधिकारियों ने सुकेत के थाना अधिकारी लाइन हाजिर कर दिया।