Rajasthan: भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक कल से, अरुण सिंह बोले-गहलोत सरकार की उलटी गिनती शुरू
Rajasthan भाजपा नेता अरुण सिंह ने कहा कि राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है। तुष्टीकरण की राजनीति की पराकाष्ठा राजस्थान में देखने को मिल रही है। गहलोत सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक 19 से 21 मई तक जयपुर में होगी। दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित होने वाली बैठक में 136 नेता शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में उपाध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, संगठन मंत्री और सभी मोर्चों के अध्यक्ष शामिल होंगे। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी बैठक में मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बृहस्पतिवार शाम चार बजे जयपुर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। हवाई अड्डे से होटल तक उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
जेपी नड्डा कुशाभाऊ ठाकरे प्रदर्शनी का उद्धाटन करेंगे
आजादी के अमृत महोत्सव पर 75 स्वागत द्वार बनाकर नड्डा का स्वागत किया जाएगा। होटल पहुंचकर नड्डा कुशाभाऊ ठाकरे प्रदर्शनी का उद्धाटन करेंगे। शाम सात बजे नड्डा शाम सात बजे राष्ट्रीय महामंत्रियों की बैठक को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्य बैठक 20 मई को सुबह दस बजे से प्रारंभ होगी। इस बैठक को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल संबोधित करेंगे। बैठक में देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चिंतन किया जाएगा। पोलिंग बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती को लेकर रणनीति तय होगी। इस दिन बैठक में चार सत्र होंगे। समापन सत्र शाम छह बजे होगा, जिसे नड्डा संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम सात बजे बिड़ला सभागार में नड्डा प्रबुद्धजनों को संबोधित करेंगे। अरुण सिंह ने कहा कि राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है। तुष्टीकरण की राजनीति की पराकाष्ठा राजस्थान में देखने को मिल रही है। गहलोत सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। गौरतलब है कि राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है। अभी हाल ही में उदयपुर में कांग्रेस ने चिंतन शिविर में आगामी चुनावों की रणनीति बनाई थी।