Rajasthan: भाजपा ने घोषित किया प्रत्याशी, कांग्रेस भी चुनाव लड़ने की इच्छुक
Rajasthan भाजपा ने घोषित किया प्रत्याशी कांग्रेस भी चुनाव लड़ने की इच्छुक। उदयपुर में टांक के नाम पर लगी मुहर बनेंगे महापौर।
सुभाष शर्मा
उदयपुर। नगर निगम चुनाव में भले ही प्रदेश में भाजपा को निराशा हाथ लगी,
लेकिन उदयपुर में लगातार छठवीं बार बोर्ड बनाने में सफल रही। भाजपा की ओर
से महापौर के लिए उदयपुर के वार्ड 61 से विजयी पार्षद जीएस टांक ही
महापौर के दावेदार होंगे। इधर, सत्तर में से महज बीस सीट पाने वाली
कांग्रेस भी महापौर के लिए प्रत्याशी खड़े करने की इच्छुक है। इसके चलते
भाजपा ने अपने सभी पार्षदों की बाड़ाबंदी कड़ी कर दी है।
बुधवार को नवनिर्वाचित भाजपा पार्षदों की बैठक में राज्य विधानसभा में
नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने टांक का नाम आगे कर दिया। हालंाकि
तीन और पार्षद महापौर के दावेदार के रूप में अपना दावा पेश करना चाहते थे
लेकिन कटारिया के दबाव के बाद किसी ने विरोध नहीं किया। हालांकि
नवनिर्वाचित भाजपा पार्षदों की बैठक से पहले सोशल मीडिया पर महापौर के
नाम को लेकर घमासान जारी था। दो बार पार्षद रह चुके मनोहर चौधरी के अलावा
भाजपा के जिला मंत्री देवेंद्र साहू तथा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष
छोगालाल भोई के नाम भी महापौर के दावेदारों के रूप में सामने आए। तीनों
ही अन्य प्रत्याशियों का कहना था कि रिटायर्ड अधिकारी जो पहली बार
जनप्रतिनिधि के रूप में सामने आया उसे महापौर बनाना लंबे समय से काम कर
रहे जनप्रतिनिधियों के लिए धक्का है।
प्रताप गौरव केंद्र निर्माण में भूमिका का पुरुस्कार
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पश्चिमी भारत के सबसे बड़े केंद्र के रूप
में उदयपुर में महाराणा प्रताप गौरव केंद्र की स्थापना में जीएस टांक की
अहम भूमिका रही। सार्वजनिक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पद से
सेवानिवृत्त होने के बाद संघ समर्थक टांक ने इस केंद्र के निर्माण की
रूपरेखा ही तैयार नहीं की बल्कि इसके निर्माण कार्य कराने में भी पूरा
योगदान दिया। संघ के करीबी होने का लाभ उन्हें पूर्व में भाजपा ने सत्ता
में रहते हुए देते हुए राजस्थान लोक सेवा आयोग का चेयरमैन भी बनाया था।
अब संघ और भाजपा ने उन्हें महापौर के रूप में पुरस्कार देने जा रही है।
फोटो : जीएस टांक।
भाजपा से जीएस टांक, कांग्रेस से अरूण टांक भरेंगे नामांकन
भारतीय जनता पार्टी की ओर से घोषित प्रत्याशी जीएस टांक गुरुवार को साढ़े
ग्यारह बजे महापौर के लिए नामांकन प्रस्तुत करेंगे। जबकि कांग्रेस की ओर
से पार्षद अरूण टांक साढ़े बारह बजे नामांकन भरने पहुंचेंगे। गौरतलब है
कि सत्तर सीटों की नगर निगम में भाजपा 44 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर
चुकी है। जबकि कांग्रेस को बीस सीट मिली हैं।