Coronavirus: कोरोना का खतरनाक जोन बना भीलवाड़ा, संदिग्धों के घर के बाहर पुलिस का पहरा
Coronavirus. भीलवाड़ा में कम्युनिटी इंफेक्शन का खतरा बढ़ता देख राज्य सरकार ने घर-घर सर्वे का काम तेज करने के साथ ही 6645 संदिग्धों के घर के बाहर पुलिस का पहरा लगा दिया है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। Coronavirus. राजस्थान का भीलवाड़ा कोरोना वायरस का खतरनाक जोन बन गया है। यहां गुरुवार को एक दिन में दो मौत होने के साथ ही शुक्रवार को दो नए पॉजिटिव केस मिले हैं। शुक्रवार को जोधपुर में भी एक नया पॉजिटिव मिला है। इस तरह प्रदेश में कुल तीन नए पॉजिटिव सामने आए हैं। प्रदेश में अब पॉजिटिव केसों की संख्या 46 हो गई। भीलवाड़ा में कम्युनिटी इंफेक्शन का खतरा बढ़ता देख राज्य सरकार ने घर-घर सर्वे का काम तेज करने के साथ ही 6645 संदिग्धों के घर के बाहर पुलिस का पहरा लगा दिया है। कोरोना की स्थिति यहां तीसरे फेज में पहुंच गई है। प्रदेश के जोधपुर, झुंझुनूं और जयपुर में भी लगातार मिल रहे पॉजिटिव केसों के कारण कम्युनिटी इंफेक्शन का खतरा बढ़ता जा रहा है। जोधपुर में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन एक पॉजिटिव मिला।
प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ.रघु शर्मा ने बताया कि पॉजिटिव मरीजों के साथ ही संदिग्धों से से कोई मिले नहीं और वे आइसोलेशन में ही रहें। इसके लिए होमगार्ड के जवानों व शिक्षकों की सेवाएं ली जाएंगी। भीलवाड़ा में जहां संदिग्धों के घर के बाहर पुलिस का पहरा लगाया गया है, वहीं अन्य शहरों व कस्बों में होमगार्ड के जवान और शिक्षक तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को भीलवाड़ा में दो मौतें हुईॉं। इनमें से 73 साल के एक बुजुर्ग की मौत दिन में हो गई थी, वहीं 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत देर रात हुई। 73 वर्षीय मृतक बुजुर्ग का 44 का बेटा और 14 साल की पोती पॉजिटिव आए हैं। 60 साल के मृतक की पत्नी और पुत्र की रिपोर्ट शुक्रवार सुबह पॉजिटिव आई। इस तरह भीलवाड़ा में कुल पॉजिटिव केसों की संख्या 21 हो गई है।
उन्होंने बताया कि भीलवाड़ा देश का पहला एपिक सेंटर है, जिसमें 457 में से 21 सैंपल पॉजिटव मिले हैं। शहर के 77 हजार घरों का तीसरी बार सर्वे किया जा रहा है। डॉ. शर्मा ने कहा कि राजस्थान दूसरी और तीसरी स्टेज के बीच में है। भीलवाड़ा तीसरी स्टेज पर पहुंच गया है। अन्य देशों से आने वालों के कारण यह वायरस अधिक फैला है। उन्होंने बताया कि अब तक 2646 सैंपल लिए गए, इनमें से 46 पॉजिटिव और 2404 नेगेटिव रिपोर्ट आई 196 की रिपोर्ट आना शेष है।
भीलवाड़ा, झुंझुंनू और जयपुर में कर्फ्यू जारी
चिकित्सा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित कुमार सिंह ने बताया कि भीलवाड़ा में श़ुक्रवार को आठवें दिन और झुंझुनूं के आधे शहर में नौवें दिन कर्फ्यू जारी रहा। जयपुर के रामगंज इलाके में रहमानी मस्जिद के आसपास एक किलोमीटर के दायरे में गुरुवार देर रात 11 बजे कर्फ्यू लगाया गया था, जो शुक्रवार को भी जारी रहा। यहां छूट नहीं दी गई। यहां रहमानी मस्जिद के पास रहने वाले 45 वर्षीय एक व्यक्ति के पॉजिटिव मिलने के बाद उसके 36 परिजनों व परिचितों को एसएमएस अस्पताल में सैंपल टेस्ट के लिए भेजा गया। उन्हें आइसोलेट किया गया है। पीड़ित व्यक्ति 14 दिन पहले ओमान से लौटा था, उसे क्वारंटाइन होना था, लेकिन वह रिश्तेदारों व परिचतों से मिलता रहा। मस्जिद में नमाज पढ़ने जाता रहा। 24 मार्च को बुखार आने पर एसएमएस अस्पताल पहुंचा और जहां उसके सैंपल लिए गए। गुरुवार शाम उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उन्होंने बताया कि जोधपुर में पॉजिटिव मिला युवक 18 मार्च को यूके से आया था।
जोधपुर में दो पॉजिटिव से नेगेटिव हुए
जोधपुर में कोरोना संक्रमण से लड़ रहे डॉक्टरों को शुक्रवार को सफलता मिली है। पिछले दिनों पॉजिटिव पाए गए एक युवक और एक महिला की रिपोर्ट इलाज के बाद शुक्रवार को नेगेटिव आई है। फिलहाल,. वे दोनों अस्पताल में ही रहेंगे। दोनों का इलाज जयपुर में कोरोना से ठीक हुए मरीजों की तर्ज पर ही किया गया।
कोरोना की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने प्राइवेट अस्पताल को हर हालत से निपटने के लिए तैयार रहने के लिए कहा है। शुक्रवार को 13 चिकित्सकों को जालोर, 50 इंटर्न करने वालों को डूंगरपुर मं लगाया है। करीब 500 दंत चिकित्सकों को प्रशिक्षण देकर स्क्रीनिंग के काम में लगाया जा रहा है।
राजस्थान में जिलावार पॉजिटिव केसों की स्थिति
1. भीलवाड़ा - 21
2. झुंझुनूं - 6
3. जयपुर - 9
4. जोधपुर - 6
5. प्रतापगढ़ - 2
6. पाली और सीकर-1-1