विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जयपुर में रिश्वत लेते पकड़े गए बेंगलुरु के तीन पुलिसकर्मी, दहेज मामले में मांगी थी घूस

Published: Sun, 14 Jun 2026 10:51 PM (IST)

राजस्थान एसीबी ने जयपुर में बेंगलुरु के तीन पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। ये पुलिसकर्मी दहेज मामले में ...और पढ़ें

बेंगलुरु के तीन पुलिसकर्मी जयपुर में रिश्वत लेते गिरफ्तार।           (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

बेंगलुरु के तीन पुलिसकर्मी जयपुर में रिश्वत लेते गिरफ्तार। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)


HighLights

  1. राजस्थान एसीबी ने बेंगलुरु के तीन पुलिसकर्मी पकड़े।

  2. जयपुर में रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।

  3. दहेज मामले में कार्रवाई न करने की मांग।

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने रविवार को जयपुर में कर्नाटक के तीन पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिसकर्मियों में एक महिला भी शामिल है। तीनों दहेज से जुड़े मुकदमे की जांच के लिए बेंगलुरु से जयपुर आए थे।

उन्होंने मामले में कार्रवाई नहीं करने के बदले में आरोपित से दो लाख रुपये मांगे थे। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों बेंगलुरु के हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड पुलिस थाने में तैनात हैं।

उन्होंने बताया कि शनिवार को जयपुर निवासी एक व्यक्ति ने एसीबी में शिकायत दी थी कि मेरी बहू ने बेंगलुरु में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करवाया था। इस मामले में बेंगलुरु से पुलिस की टीम जयपुर आई है। टीम ने मामले में कार्रवाई नहीं करने के बदले दो लाख रुपये की मांग की।

शिकायतकर्ता ने फिलहाल 40 हजार रुपये की व्यवस्था होने की बात कही। शेष एक लाख 60 हजार रुपये बेंगलुरु में पहुंचाने की बात कही। शिकायतकर्ता रविवार सुबह को पैसे देने पहुंचे थे, इसी दौरान तीनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया।