राजस्थान में डकैत ने बंदूक के बल पर महिलाओं को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया
Beating with women. डकैत ने बंदूक के बल पर महिलाओं को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया। घटना राजस्थान के धौलपुर जिले की है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। चंबल के कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की घिनौनी हरकत सामने आई है। जगन गुर्जर ने बुधवार देर शाम राजस्थान में धौलपुर जिले के बसईडांग पुलिस थाना क्षेत्र के करणसिंह पुरा गांव में महिलाओं और बच्चों से मारपीट की। हद तो तब हो गई, जब उसने बंदूक के बल पर महिलाओं को बाजार में निर्वस्त्र कर घुमाया। इन महिलाओं को घायलावस्था में बाड़ी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
बुधवार देर रात डांग बसई पुलिस थाने में जगन गुर्जर और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे पहले बुधवार दाेपहर बाड़ी कस्बे में भी उसने आतंक मचाया। सरकारी अस्पताल के सामने बाजार में दुकानदारों से मारपीट कर तोड़फोड़ की और हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
करौली में भी की मारपीट
करण सिंह का पुरा गांव में पीड़ित परिवार के मुखिया लाल सिंह ने बताया कि गांव में पानी का अभाव होने पर घर के सभी पुरुष पशुओं को लेकर गए थे। महिला और बच्चे घर पर अकेले रह रहे थे। इसी दौरान देर शाम डकैत जगन गुर्जर अपने तीन साथियों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से गांव पहुंचा। डकैत ने घर में घुसकर महिला और बच्चों से मारपीट की। घर में मारपीट कर दस्यु जगन डकैत ने महिलाओं के कपड़े उतरवाकर निर्वस्त्र करवा दिया। उसके बाद दस्यु मारपीट कर महिलाओं को गांव के बाहर ले गया और महिलाओं को निर्वस्त्र हालत में गांव में घुमाया। यह घटनाक्रम करीब एक घंटे तक चला। जगन गुर्जर के जाने के बाद महिलाओं ने मोबाइल फोन पर परिवार के पुरुष लोगों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
इस पर पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गांव में पहुंचकर महिलाअआं के बयान दर्ज करने के साथ ही मुकदमा दर्ज किया। बुधवार देर रात जगन गुर्जर ने करौली जिले के मासलपुर क्षेत्र में भी कुछ महिलाओं से मारपीट की। धौलपुर जिला पुलिस अधीक्षक से इस बारे में बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन वे कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हुए। वहीं, बसईडांग पुलिस थाना अधिकारी ने उच्च अधिकारियों से संपर्क करने की बात कही।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप