राजस्थान में अनोखा सियासी खेल: एक ही महिला ने BJP, कांग्रेस और निर्दलीय के रूप में दाखिल किया नामांकन
राजस्थान के डीग जिले की बृजनगर पंचायत समिति में बत्ती कुमारी गुर्जर ने प्रधान पद के लिए भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय तीनों के रूप में नामांकन दाखिल किए। पहचान छिपाकर और अलग-अलग हस्ताक्षर कर, उन्होंने अंततः भाजपा प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान पद जीता।

HighLights
बत्ती कुमारी ने प्रधान पद के लिए तीन नामांकन भरे।
पहचान छिपाने को अलग-अलग वेशभूषा और हस्ताक्षर किए।
अंततः भाजपा प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान चुनी गईं।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के डीग जिले की बृजनगर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ही महिला ने भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में तीन अलग-अलग नामांकन पत्र दाखिल कर दिए। खास बात यह रही कि कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ने उन्हें अपना चुनाव चिह्न भी आवंटित कर दिया।
आखिरकार कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद बत्ती कुमारी गुर्जर भाजपा के चुनाव चिह्न पर निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं। बता दें कि शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने के दौरान बत्ती कुमारी तीन अलग-अलग बार उपखंड अधिकारी (एसडीओ) के कार्यालय पहुंचीं। हर बार उनका पहनावा अलग था।
कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचीं तो उन्होंने साड़ी पहन रखी थी और घूंघट कर रखा था। भाजपा प्रत्याशी के रूप में सलवार-सूट पहनकर पहुंचीं, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करते समय अलग रंग का सलवार-सूट और सिर पर दुपट्टा था।
इस तरह उन्होंने तीनों बार अपनी पहचान छिपाए रखी और निर्वाचन अधिकारी भी उन्हें पहचान नहीं सके। मामले में यह भी सामने आया है कि तीनों नामांकन पत्रों में बत्ती कुमारी ने अलग-अलग हस्ताक्षर किए थे। एक नामांकन में मायके का पता, जबकि अन्य दो में ससुराल का पता दर्ज कराया था।
हालांकि, जांच से पहले ही उन्होंने दो नामांकन वापस ले लिए।बत्ती कुमारी भाजपा प्रत्याशी के रूप में प्रदेश के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पूर्व विधायक वाजिब अली के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंची थीं। निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में तैनात कर्मचारी भी दूसरे क्षेत्र के निवासी थे, इसलिए वे उन्हें पहचान नहीं पाए।
बत्ती कुमारी ने दोनों दलों के नेताओं को भी इस बात की भनक नहीं लगने दी कि तीनों नामांकन एक ही महिला ने दाखिल किए हैं। नाम वापसी के दौरान उन्होंने चुपचाप निर्वाचन अधिकारी के समक्ष पहुंचकर पहले कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में दाखिल नामांकन वापस लिया।
इसके बाद निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दाखिल नामांकन भी वापस ले लिया। इस तरह भाजपा प्रत्याशी के रूप में उनका एकमात्र नामांकन मैदान में रह गया और वह निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं। वहीं डीग जिले के एसडीओ ने मामले पर टिप्पणी करने से इन्कार करते हुए जांच कराने की बात कही है। वहीं, राजनीतिक गलियारों में इस पूरे घटनाक्रम को गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। बेढ़म ने कहा कि राजनीति में सबकुछ संभव है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।