राजस्थान के बाड़मेर में दो हिरणों का शिकार, मारकर पेड़ से लटकाया; तीन शिकारी गिरफ्तार
राजस्थान के बाड़मेर जिले में शिकारियों ने दो हिरणों को मार डाला और एक को पेड़ से लटका दिया। ग्रामीणों ...और पढ़ें

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
जागरण संवाददाता, जयपुर। बाड़मेर जिले के धनाऊ थाना क्षेत्र में शिकारियों ने शुक्रवार रात में दो हिरणों को मार दिया। शिकारियों ने तीसरे हिरण को भी मारने की कोशिश की, हालांकि इस दौरान शोर मच गया तो उन्हें भागना पड़ा।
इससे पहले शिकारियों ने एक मरे हुए हिरण का पैर बांधकर पेड़ पर उल्टा लटका दिया। घटना नेहरों की नाड़ी और बिसारणिया गांव में शुक्रवार रात करीब 12 बजे की है।ग्रामीणों ने बताया कि आरोपित एक डिब्बा लाए थे, उसमें से आ रही आवाज से वे हिरणों को अपनी ओर बुला रहे थे।
हिरणों के शिकार से नाराज ग्रामीण शनिवार को धरने पर बैठ गए। धनाऊ पुलिस थाना अधिकारी दीपसिंह ने बताया कि तीनों शिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों शुक्रवार रात हिरणों का शिकार कर रहे थे।
दो का शिकार कर लिया था, तीसरे का शिकार करने की तैयारी में थे लेकिन इससे पहले ही ग्रामीणों की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाया तो शिकारी रेत के टीलों में छिप गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।